


भागलपुर।भागलपुर के समीक्षा भवन में वरीय पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में क्राइम मीटिंग का आयोजन किया गया। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, विभिन्न थानों के प्रभारी सहित पुलिस विभाग की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिले की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के निष्पादन तथा अभियोजन कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ कंप्यूटर संचालन, ई-साक्ष्य ऐप एवं विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों पर दक्षता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।

शहरी क्षेत्रों में बढ़ रही बाइक एवं अन्य चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने तथा थानों में आने वाले पीड़ितों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही गंभीर मामलों की प्रगति, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और लंबित वारंट निष्पादन की समीक्षा करते हुए सभी थाना अध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्ती बढ़ाने, आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने तथा सोशल मीडिया की 24 घंटे निगरानी करने का निर्देश भी दिया गया। भूमि विवाद से जुड़े मामलों के शीघ्र निष्पादन, साइबर अपराधों में त्वरित प्राथमिकी दर्ज करने और कुर्की-जब्ती की कार्रवाई तेज करने पर भी बल दिया गया।

क्राइम मीटिंग में पुलिसकर्मियों की कार्यशैली में सुधार, संसाधनों के बेहतर उपयोग, ड्यूटी प्रबंधन एवं पुलिस बल के मनोबल को सुदृढ़ करने से संबंधित विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।














