0
(0)

प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। स्मार्ट सिटी योजना के तहत सैंडिस कंपाउंड में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और कदम उठाया गया है। भागलपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड (बीएससीएल) ने परिसर में नया छोटा स्वीमिंग पूल बनाने के लिए 59 लाख 60 हजार 761 रुपये की अनुमानित लागत से ई-निविदा जारी की है। नया पूल खासकर बच्चों और तैराकी सीखने वाले शुरुआती तैराकों के प्रशिक्षण के लिए उपयोग किया जाएगा।
वर्तमान में सैंडिस कंपाउंड में 50 मीटर लंबा स्वीमिंग पूल मौजूद है, जिसकी गहराई करीब पांच फीट है। बड़े पूल की अधिक गहराई के कारण छोटे बच्चों और नौसिखिए तैराकों को शुरुआती अभ्यास कराने में प्रशिक्षकों को परेशानी होती है। इसी को देखते हुए लंबे समय से कम गहराई वाले प्रशिक्षण पूल की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
नया छोटा पूल बनने के बाद बच्चों को तैराकी की शुरुआती तकनीकों का प्रशिक्षण अपेक्षाकृत सुरक्षित माहौल में दिया जा सकेगा। प्रशिक्षक इसमें बच्चों को पानी के साथ सहज होने, फ्लोटिंग और तैराकी की बुनियादी तकनीकों का अभ्यास करा सकेंगे। शुरुआती स्तर पर दक्षता हासिल करने के बाद बच्चों को 50 मीटर वाले मुख्य पूल में उन्नत प्रशिक्षण दिया जा सकेगा।


बताया गया कि इस निर्माण कार्य समेत चार अन्य विकास कार्यों के लिए पहले भी निविदा जारी की गई थी, लेकिन तकनीकी कारणों से पूर्व की निविदा रद्द कर दी गई थी। अब बीएससीएल ने प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए नए सिरे से ई-टेंडर जारी किया है।
निविदा की अनुमानित प्राक्कलित राशि 59,60,761 रुपये निर्धारित की गई है, जिसमें जीएसटी और अन्य कर शामिल हैं। इच्छुक एजेंसियों के लिए 1.19 लाख रुपये की ईएमडी तथा 10 हजार रुपये टेंडर दस्तावेज शुल्क निर्धारित किया गया है।
ई-निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 28 अक्टूबर की रात 11 बजे तक निर्धारित की गई है। प्राप्त तकनीकी बोलियां 29 अक्टूबर को दोपहर 2:30 बजे खोली जाएंगी।
नए पूल के निर्माण के बाद सैंडिस कंपाउंड में तैराकी प्रशिक्षण को दो स्तरों पर संचालित करने की योजना होगी। छोटा पूल शुरुआती तैराकों और बच्चों के प्रशिक्षण के लिए इस्तेमाल किया जाएगा, जबकि 50 मीटर वाले मुख्य पूल में वरिष्ठ तैराकों के उन्नत अभ्यास और प्रतियोगिताओं पर जोर दिया जा सकेगा। इस व्यवस्था से शुरुआती तैराकों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधा मिलने के साथ मुख्य पूल का इस्तेमाल प्रतियोगी और उन्नत तैराकी के लिए अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: