


पूर्णिया। स्थानीय गोकुल कृष्ण आश्रम स्थित कांग्रेस कार्यालय में सोमवार को संगठन सृजन अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष (अर्बन) कुमार आदित्य ने की, जबकि मुख्य रूप से पर्यवेक्षक किशोरी लाल उपस्थित रहे। बैठक में संगठन के विस्तार, मजबूती और डिजिटल माध्यम से कार्यकर्ताओं को जोड़ने पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए पर्यवेक्षक किशोरी लाल ने कहा कि संगठन सृजन अभियान की पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित की जाएगी, जिससे अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ा जा सके। उन्होंने कार्यकर्ताओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग की तकनीकी जानकारी दी और अभियान के दौरान आने वाली संभावित चुनौतियों पर भी चर्चा करते हुए सुझाव आमंत्रित किए। उन्होंने बताया कि वे आगामी एक सप्ताह तक जिले में रहकर जिला कमेटी, प्रखंड अध्यक्षों और प्रदेश कमेटी के इच्छुक सदस्यों से आवेदन प्राप्त करेंगे तथा अधिक से अधिक ‘सृजन साथी’ बनाने के लिए प्रेरित करेंगे।
जिला अध्यक्ष कुमार आदित्य ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस अभियान का उद्देश्य संगठन को केवल औपचारिक रूप से नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य जन-जन तक पहुंच बनाना है, ताकि केंद्र और राज्य सरकार की किसान एवं नौजवान विरोधी नीतियों के खिलाफ व्यापक जन आंदोलन खड़ा किया जा सके।

बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए अपने-अपने विचार और सुझाव साझा किए तथा अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष नीरज सिंह एवं बिज्येंद्र यादव, महिला कांग्रेस अध्यक्षा मुन्नी मरांडी, अल्पसंख्यक कांग्रेस अध्यक्ष अली खान, अति पिछड़ा प्रकोष्ठ अध्यक्ष अखिलेश कुमार, एसटी प्रकोष्ठ अध्यक्ष दीपक बारा, वरिष्ठ नेता श्याम बाबू सहित कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
















