


पूर्णिया : उप विकास आयुक्त-सह-प्रभारी जिला पदाधिकारी अंजनि कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के वरीय एवं विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया, जबकि अनुमंडल और प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

बैठक में मुख्यालय पटना से प्राप्त विभिन्न महत्वपूर्ण पत्रों के निष्पादन, लोक कल्याणकारी एवं विकास कार्यों, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग एवं बिहार मानवाधिकार आयोग से संबंधित मामलों, न्यायालय से जुड़े प्रकरणों, लोक सेवाओं का अधिकार अधिनियम, कब्रिस्तान घेराबंदी, जिला स्थापना, जनगणना-2027 तथा सहयोग शिविर के कार्यों की समीक्षा की गई।
प्रभारी जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि महत्वपूर्ण पत्रों और न्यायालय से संबंधित मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।

सहयोग शिविर की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि 19 मई 2026 को आयोजित होने वाले शिविर के लिए नागरिकों द्वारा जमा किए गए सभी आवेदनों का शत-प्रतिशत निष्पादन समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि शिविर के दिन पूर्णिया जिला के प्रभारी सचिव एवं प्रभारी मंत्री विभिन्न शिविरों का निरीक्षण करेंगे, इसलिए किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
बैठक में जनगणना-2027 के कार्यों की भी प्रखंडवार समीक्षा की गई। प्रभारी जिलाधिकारी ने सभी चार्ज पदाधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण और कार्यों की निगरानी करने का निर्देश दिया, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण जनगणना कार्य पूरा किया जा सके।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सहयोग शिविर स्थलों पर आम नागरिकों के बैठने, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बैठक में अपर समाहर्ता राजस्व, आपदा, विधि व्यवस्था, विभागीय जांच, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
















