


पूर्णिया। पूर्णिया नगर निगम क्षेत्र के रामबाग चौक, वार्ड संख्या-30 निवासी स्वर्गीय अशोक राम की सड़क दुर्घटना में हुई असामयिक मृत्यु के बाद पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने बुधवार को उनके आवास पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
सांसद ने दिवंगत अशोक राम की पत्नी श्रीमती शोभा देवी सहित अन्य परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि परिवार के कमाऊ सदस्य के अचानक निधन से उत्पन्न संकट की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन समाज और जनप्रतिनिधियों का कर्तव्य है कि ऐसे कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा रहे। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए सांसद पप्पू यादव ने श्रीमती शोभा देवी को तत्काल 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने कहा कि यह राशि परिवार को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक छोटा प्रयास है। सांसद ने सुझाव दिया कि इस सहयोग राशि से कोई छोटा व्यवसाय शुरू कर परिवार के भरण-पोषण में सहारा लिया जा सकता है।
सांसद ने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी परिवार की स्थिति पर नजर रखी जाएगी तथा सरकारी योजनाओं या अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
मौके पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष अफरोज आलम, सांसद प्रतिनिधि बबलू भगत, सांसद प्रवक्ता राजेश यादव, संजय सिंह, नगर प्रतिनिधि वैश खान, अशोक दास, पंकज साह, शंकर सहनी, करन यादव, मो. समिउल्लाह, संगम यादव एवं मो. दिलखुश सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित थे।















