5
(2)



पूर्णिया। जिले में संभावित प्राकृतिक आपदाओं विशेषकर बाढ़ की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने पूर्व तैयारियों को तेज कर दिया है। जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति संख्या-400 के अनुसार जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार (भा.प्र.से.) ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन तथा आपदा एवं किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का नियमित निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण करने का निर्देश दिया है।

इसी क्रम में गुरुवार को एडीएमओ प्रणव कुमार द्वारा बायसी स्थित आपातकालीन प्रतिक्रिया सुविधा सह प्रशिक्षण केंद्र का भौतिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिले में आपदा प्रबंधन व्यवस्था तथा आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का गहन समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान केंद्र में उपलब्ध बाढ़ राहत एवं बचाव सामग्री की बारीकी से जांच की गई। विशेष रूप से बचाव कार्यों में उपयोग होने वाले मोटर बोट के इंजनों की कार्यक्षमता, रखरखाव एवं तकनीकी स्थिति का जायजा लिया गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य सुचारू रूप से संचालित किए जा सकें।

मौके पर मौजूद राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के जवानों को उपकरणों के नियमित रखरखाव, समय-समय पर जांच तथा प्राकृतिक आपदाओं विशेषकर बाढ़ के दौरान त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि संभावित बाढ़ 2026 को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं और प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय है।

आपदा अथवा किसी भी आपात स्थिति की सूचना आमजन जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06454-242317, 242319 एवं 242320 पर दे सकते हैं। प्राप्त सूचना पर जिला प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: