0
(0)




पूर्णिया।थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के जीवन को सुरक्षित करने और उनके परिवारों को सहयोग देने के उद्देश्य से रविवार को सौभाग्य विवाह भवन में आयोजित “महा रक्तदान शिविर” सेवा, संवेदना और सामाजिक समर्पण का अनूठा उदाहरण बन गया। श्री राम सेवा संघ, थैलेसीमिया पीड़ित परिवार संगठन, प्रेस क्लब पूर्णिया तथा अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महाअभियान में 50 से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता का संदेश दिया।

सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले इस शिविर में पूर्णिया जिले के विभिन्न क्षेत्रों के साथ रुपौली, भवानीपुर, अमौर, बीकोठी, जलालगढ़, कसबा, चंपानगर, गढ़बनेली, रानीपतरा, बरहरा कोठी, बनमनखी एवं धमदाहा से बड़ी संख्या में थैलेसीमिया पीड़ित परिवार शामिल हुए।


कार्यक्रम केवल रक्तदान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बच्चों के लिए उत्सव का रूप ले लिया। थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए चित्रकला, गायन एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें महिला समिति की सदस्यों ने आत्मीय भागीदारी निभाते हुए बच्चों को पुरस्कृत किया। पूरे कार्यक्रम में भोजन, नाश्ता, फल एवं शीतल पेय की व्यवस्था की गई, जबकि सांस्कृतिक संगीत प्रस्तुतियों ने माहौल को भावनात्मक और ऊर्जावान बनाए रखा।

कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया जब 11 वर्ष पूर्व ढाई वर्ष की उम्र में श्री राम सेवा संघ द्वारा गोद ली गई एक बच्ची मंच पर पहुंची। अब 13 वर्ष की हो चुकी बच्ची ने गीत एवं भाषण प्रस्तुति देकर सभी को भावुक कर दिया और जीवनभर सेवा अभियान से जुड़े रहने की इच्छा व्यक्त की। बच्ची के पिता पवन झा ने कहा कि समाज की संवेदनशीलता ने उनकी बेटी को नया जीवन दिया है।


कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर विद्या विहार के निदेशक राजेश मिश्रा, गोकुल ठाकुरबाड़ी के संत मुरारी दास, प्रेस क्लब पूर्णिया के अध्यक्ष नंदकिशोर सिंह, मारवाड़ी महिला समिति की सचिव बबीता डोकानिया एवं परिवार परामर्श केंद्र की वरिष्ठ सदस्य स्वाति वैश्यन्त्री ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर पूर्णिया जीएमसीएच के चिकित्सक डॉ. विकास कुमार भी उपस्थित रहे।

महाअभियान को सफल बनाने में सदर अस्पताल, रेड क्रॉस एवं एंबुलेंस सेवा से जुड़े स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सौभाग्य विवाह भवन के निदेशक हरीश जी एवं उनके परिवार ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग दिया तथा परिवार के कई सदस्यों ने रक्तदान भी किया।


श्री राम सेवा संघ के संस्थापक राणा प्रताप सिंह, तौफीक आलम, प्रेस क्लब अध्यक्ष नंदकिशोर सिंह, संरक्षक अखिलेश चंद्र, सदस्य सत्येंद्र कुमार सिंह, पत्रकार शैलेंद्र मिश्रा, समाजसेवी मिंटू सिंह, सनी कुमार सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता कार्यक्रम के दौरान सक्रिय रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि यह आयोजन केवल रक्तदान शिविर नहीं, बल्कि थैलेसीमिया पीड़ित परिवारों के लिए सामाजिक आंदोलन की मजबूत नींव है।

अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति की पूर्व अध्यक्ष इंदु अग्रवाल, उपाध्यक्ष चंपा डोकानिया, सह सचिव इंदु अग्रवाल, बबीता डोकानिया, सुनीता सर्राफ, संगीता पंसारी, सुमन डोकानिया, मीणा सारडा, नीलम लोहिया, रीता मित्रुका एवं आशा अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों की भूमिका पूरे आयोजन में सराहनीय रही।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: