


भागलपुर : बिहार स्टेट टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को लाजपत पार्क, भागलपुर में प्रदेश अध्यक्ष प्रेम प्रकाश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में शिक्षकों के शहरी परिवहन भत्ता, बकाया अंतर वेतन भुगतान, एचआरएमएस अद्यतन सहित विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष प्रेम प्रकाश मिश्रा, जिला कार्यकारिणी सदस्य अब्दुल कादिर एवं राजा कुमार सहित दिलीप कुमार, सुनील कुमार शर्मा, शशि भूषण प्रसाद, मोहम्मद नसरुल्लाह, मोहम्मद तारिक जफर, सुधांशु शेखर और सत्यम कुमार झा सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष प्रेम प्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल जिला शिक्षा पदाधिकारी, भागलपुर से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं से पदाधिकारी को अवगत कराया। नगर निगम एवं आसपास के क्षेत्रों में कार्यरत शिक्षकों के शहरी परिवहन भत्ता, आवास भत्ता तथा बकाया अंतर वेतन भुगतान से संबंधित सूची भी अद्यतन के लिए सौंपी गई। पदाधिकारी की ओर से समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया।

प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष प्रेम प्रकाश मिश्रा, जिला कार्यकारिणी सदस्य अब्दुल कादिर, मनोज प्रसाद यादव, प्रीतम कुणाल, आशीष कुमार, विपिन कुमार एवं सुनील कुमार सहित अन्य शिक्षक शामिल रहे।
प्रदेश अध्यक्ष प्रेम प्रकाश मिश्रा ने कहा कि संघ की ओर से पूरे जिले में सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें शिक्षकों का उत्साहजनक सहयोग मिल रहा है। उन्होंने सदस्यता ग्रहण करने वाले शिक्षकों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि बीएसटीडब्ल्यूए शिक्षकों की समस्याओं के समाधान और शिक्षक हितों के लिए लगातार प्रयासरत है।
उन्होंने शिक्षकों से अधिक से अधिक संख्या में संघ से जुड़ने और सदस्यता ग्रहण करने की अपील की, ताकि शिक्षक हित से जुड़े मुद्दों को संगठित रूप से उठाकर उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जा सकें।
















