


बापू टावर में आयोजित एक दिवसीय कार्यक्रम में भवन निर्माण विभाग के करीब 150 अभियंताओं ने लिया हिस्सा
पटना। भवन निर्माण विभाग के सौजन्य और भारतीय योग एवं प्रबंधन संस्थान के सहयोग से बापू टावर, पटना में ‘तनाव मुक्त आनंदित जीवन’ विषय पर एक दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भवन निर्माण विभाग के विभिन्न जिलों से आए करीब 150 अभियंताओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भवन निर्माण विभाग के सचिव प्रणव कुमार, बापू टावर के निदेशक विनय कुमार, पुलिस उपमहानिरीक्षक जयंतकांत, भारतीय योग एवं प्रबंधन संस्थान के आचार्य अंशु, आचार्य अमोल एवं कार्यक्रम संयोजिका मां निहारिका ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम के दौरान तनाव के कारणों और उसके निवारण के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। भारतीय योग एवं प्रबंधन संस्थान के आचार्य अंशु और आचार्य अमोल ने अलग-अलग सत्रों का संचालन किया। सत्र में गौतम बुद्ध द्वारा प्रतिपादित अष्टांगिक मार्ग के विभिन्न सूत्रों को सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समझाया गया।
आचार्य अमोल ने सम्यक दृष्टि और सम्यक जागृति से संबंधित विषयों पर रोचक तरीके से जानकारी दी। वहीं आचार्य अंशु ने ध्यान के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को सोहम ध्यान का अभ्यास कराया। इसके अलावा सम्यक संबंध से जुड़े सूत्रों की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को तनाव को समझने और दैनिक जीवन में उसे नियंत्रित करने के व्यावहारिक उपाय बताए गए। समापन के दौरान आयोजित प्रतिक्रिया सत्र में प्रतिभागियों ने कार्यक्रम की सराहना की और भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने का आग्रह किया।
भवन निर्माण विभाग के सचिव प्रणव कुमार ने भी तनावमुक्त जीवन के लिए आवश्यक सूत्रों पर अपने विचार रखे। उन्होंने भविष्य में इस तरह के कार्यक्रम फिर आयोजित कराने का भरोसा दिया। पुलिस उपमहानिरीक्षक जयंतकांत ने भी कार्यक्रम की सराहना की।
बापू टावर के निदेशक विनय कुमार, अपर सचिव ए.के. सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों के परिवारजनों ने भी भाग लिया और आयोजन की सराहना की।
















