
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। शहर से लेकर सुदूर ग्रामीण इलाकों तक पुलिस की रात्रिकालीन ड्यूटी व्यवस्था की हकीकत जानने के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने मंगलवार देर रात विभिन्न थाना क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई, जबकि मुस्तैदी से ड्यूटी कर रहे संतरी कर्मियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने शहरी थाना क्षेत्रों के साथ-साथ कजरैली, सजौर समेत अन्य ग्रामीण थाना क्षेत्रों में रात्रिकालीन पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान रात्रि संतरी ड्यूटी, ओडी पदाधिकारी, वाहन गश्ती और डायल-112 की सक्रियता की जांच की गई। आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की तत्परता और रिस्पॉन्स की भी समीक्षा की गई।निरीक्षण के दौरान सजौर थाना के ओडी पदाधिकारी ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए, जिस पर वरीय पुलिस अधीक्षक ने तत्काल निलंबन की कार्रवाई की। वहीं, रात्रि ड्यूटी में सजग और सक्रिय पाए गए कजरैली, बायपास, जीरोमाइल और तिलकामांझी थाना के संतरी कर्मियों को पुरस्कृत किया गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों और संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को रात्रिकालीन ड्यूटी में पूरी सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने संतरी ड्यूटी, ओडी व्यवस्था, वाहन गश्ती और डायल-112 की सक्रियता हर हाल में सुनिश्चित करने को कहा।उन्होंने आपातकालीन सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई और बेहतर पुलिस रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट किया गया कि रात्रिकालीन ड्यूटी में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
















