
‘स्वच्छ मेव जयते’ के तहत निकली जागरूकता रैली, नगर भ्रमण कर लोगों को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
भागलपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘स्वच्छ मेव जयते’ अभियान के तहत नगर परिषद सुल्तानगंज में स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर नगर परिषद की ओर से स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का नेतृत्व नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी निशांत कुमार ने किया।

नगर परिषद कार्यालय से शुरू हुई स्वच्छता रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए नगर भ्रमण पर निकली। इस दौरान नगर परिषद के पदाधिकारियों, कर्मियों और सफाई कर्मियों ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और स्वच्छ नगर बनाने में सहयोग करने की अपील की गई।
कार्यपालक पदाधिकारी निशांत कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के संकल्प, समर्पण और सेवा की भावना से प्रेरणा लेते हुए स्वच्छता का संकल्प लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश का विकास तभी सार्थक होगा, जब सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक, खेल और अन्य सभी क्षेत्रों में एक साथ प्रगति हो।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में स्वच्छता की महत्वपूर्ण भूमिका है। यदि सभी लोग सेवा भाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें और विकास कार्यों में भागीदारी निभाएं तो देश को विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

निशांत कुमार ने कहा कि देश में सड़क, शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य और कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगातार विकास हो रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर दिया जा रहा है। खेल के क्षेत्र में ‘खेलो इंडिया’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है और भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी कई योजनाओं के माध्यम से आम लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। किसानों के हित में कृषि से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से उनकी आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। इन सभी प्रयासों का उद्देश्य देश को आत्मनिर्भर और विकसित बनाना है।
कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा कि इसी दिशा में नगर परिषद सुल्तानगंज में भी विकास और स्वच्छता को लेकर लगातार कार्य किए जा रहे हैं। नगर क्षेत्र के विकासात्मक कार्यों में जनप्रतिनिधियों और मीडिया कर्मियों का सहयोग महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से नगर परिषद क्षेत्र के विकास और स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ नगर केवल नगर परिषद के प्रयासों से नहीं बन सकता। इसके लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। घर, दुकान और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के साथ सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाने का संकल्प लेना जरूरी है।
स्वच्छता रैली के दौरान नगर परिषद के प्रधान सहायक राजीव रंजन चौधरी, नगर प्रबंधक रविश वर्मा, क्रांति कुमारी, चंदन कुमार, सुभाष कुमार, राजीव भारती, गोपाल झा, मनोज कुमार, सोनू कुमार, कनीय अभियंता संजीव कुमार सहित दर्जनों सफाई कर्मी मौजूद रहे।
नगर परिषद की ओर से आयोजित इस अभियान के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ स्वच्छ, सुंदर और विकसित सुल्तानगंज के निर्माण में सामूहिक भागीदारी का संदेश दिया गया।















