
@ ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत आरपीएफ की कार्रवाई, परिजनों से संपर्क के बाद बच्चों को संरक्षण संस्था को सौंपा।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। रेलवे स्टेशनों पर भटक रहे और बिना अभिभावक के मिले पांच नाबालिग बच्चों को आरपीएफ ने समय रहते सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। मालदा मंडल के आरपीएफ पोस्ट बड़हरवा की टीम ने ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत 4 और 5 अक्टूबर को तीनपहाड़ एवं बड़हरवा रेलवे स्टेशन के परिसरों में गश्त और चेकिंग के दौरान इन बच्चों को अलग-अलग परिस्थितियों में बरामद किया।
रेलवे के अनुसार यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन और आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त/प्रभारी बरुण कुमार बेहरा के पर्यवेक्षण में चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य रेलवे परिसरों और ट्रेनों में बच्चों सहित कमजोर एवं संवेदनशील यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
छोटे भाई के साथ अकेली मिली नाबालिग:
आरपीएफ के अनुसार 4 अक्टूबर की रात करीब 10:35 बजे तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में गश्त के दौरान एक नाबालिग बालिका अपने करीब दो वर्षीय छोटे भाई के साथ अकेली मिली। पूछताछ में बालिका ने पारिवारिक कारणों से अपने छोटे भाई के साथ घर से निकलने और भटकते हुए स्टेशन पहुंचने की जानकारी दी।स्थिति को देखते हुए आरपीएफ टीम ने दोनों बच्चों को तत्काल सुरक्षित अभिरक्षा में लिया और आरपीएफ पोस्ट बड़हरवा पहुंचाया।
बड़हरवा स्टेशन पर तीन बच्चे मिले:

इसी क्रम में 5 अक्टूबर की रात करीब 12:20 बजे बड़हरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक और वेटिंग रूम में चेकिंग के दौरान तीन अन्य नाबालिग बच्चे अलग-अलग स्थानों पर मिले। पूछताछ और सत्यापन में बच्चों ने बताया कि वे अपने माता-पिता को बिना बताए घर से निकल गए थे। आरपीएफ ने समय रहते तीनों को भी सुरक्षित अभिरक्षा में ले लिया।
परिजनों से संपर्क के बाद संरक्षण संस्था को सौंपे गए बच्चे:
आरपीएफ कर्मियों ने पांचों बच्चों को आरपीएफ पोस्ट बड़हरवा लाकर आवश्यक पूछताछ और सत्यापन किया। इसके बाद उनके परिजनों से संपर्क स्थापित किया गया। नियमानुसार आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी पांच नाबालिग बच्चों को मंथन, बड़हरवा की प्रतिनिधि आराधना मंडल एवं अंशु मालाकार को अग्रिम आवश्यक कार्रवाई, देखरेख और संरक्षण के लिए सुरक्षित रूप से सौंप दिया गया।

आरपीएफ ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और संरक्षण को लेकर रेलवे परिसरों में निगरानी और विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। मालदा मंडल ने अभिभावकों और आम लोगों से अपील की है कि वे बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें। किसी नाबालिग के संदिग्ध अथवा असुरक्षित स्थिति में मिलने पर तत्काल निकटतम आरपीएफ कर्मी या रेलवे हेल्पलाइन को सूचना दें।















