


भागलपुर।विक्रमशिला सेतु का मार्ग अवरुद्ध होने के बाद यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने अधिकारियों के साथ बरारी घाट से मोटर बोट के माध्यम से महादेवपुर घाट तक गंगा नदी का निरीक्षण किया और जलमार्ग से वैकल्पिक यातायात व्यवस्था शुरू करने की संभावनाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने बताया कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग नवगछिया से भागलपुर और भागलपुर से नवगछिया आवागमन करते हैं। आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्थायी रूप से निःशुल्क सरकारी नाव सेवा शुरू की जाएगी, जिसका संचालन सुबह 5 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। इसके साथ ही पंजीकृत निजी नावों का भी परिचालन होगा, जिनका किराया जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि घाटों पर प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल, चिकित्सा सुविधा एवं सुरक्षा बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक नाव पर गोताखोर भी मौजूद रहेंगे।
जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की कि नाव पर निर्धारित क्षमता का पालन करें और ओवरलोडिंग से बचें ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।
निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।















