0
(0)



पूर्णिया । पूर्णिया पूर्व प्रखंड के भोगा भटगामा स्थित केजीपी प्लस टू उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक में विद्यालय के विकास, शैक्षणिक माहौल एवं छात्र हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पहुंचे विधायक विजय कुमार खेमका का स्वागत विद्यालय के प्रधानाध्यापक शिवकुमार महतो ने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर किया।



बैठक में विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों एवं अभिभावकों ने छात्रों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा पठन-पाठन व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षाप्रेमी मंगल पोद्दार ने विद्यालय विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव भी रखे।

विधायक विजय खेमका ने कहा कि जब विद्यालय परिवार, शिक्षक, प्रबंध समिति एवं अभिभावक सामूहिक रूप से कार्य करेंगे, तब विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण बेहतर होगा और छात्र-छात्राओं का परीक्षा परिणाम भी उत्कृष्ट होगा। उन्होंने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, शौचालयों की नियमित सफाई, पेयजल, बिजली एवं पंखे की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा छात्रों की शत-प्रतिशत उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।


विधायक ने खेल, चित्रकला, संगीत एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के संचालन पर भी बल देते हुए कहा कि इससे छात्र-छात्राओं की विभिन्न क्षेत्रों में रुचि बढ़ेगी और उनका ज्ञानवर्धन होगा। इस दौरान विधायक ने संचालित कक्षाओं का निरीक्षण कर छात्र-छात्राओं से संवाद भी किया तथा विद्यालय विकास से संबंधित प्राप्त सुझावों के निर्माण कार्य की स्वीकृति प्रबंध समिति में दी।

विद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से विधायक एवं विद्यालय परिवार द्वारा संयुक्त रूप से वृक्षारोपण भी किया गया। वहीं क्षेत्र भ्रमण के दौरान विधायक ने भोगा भटगामा स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर एवं आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया तथा सेंटर तक जाने वाले रास्ते पर मिट्टीकरण कार्य कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।


बैठक में मनोज गोस्वामी, सरिता टुडू, बिमल पोद्दार, मनीष साह सहित कई अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: