


भागलपुर। विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद भागलपुर में यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। पुल पर आवागमन बाधित होने के कारण हजारों लोग अब वैकल्पिक मार्ग के रूप में बरारी पूल घाट का सहारा लेने को मजबूर हैं। ऐसे चुनौतीपूर्ण हालात में जिला प्रशासन और भागलपुर पुलिस यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा को लेकर पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है।
बरारी पूल घाट इन दिनों यात्रियों की भारी भीड़ और लगातार आवाजाही का केंद्र बना हुआ है। दिन हो या रात, लोग अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए घाट का सहारा ले रहे हैं। कई यात्री रात में घाट किनारे ही विश्राम करने को मजबूर हैं। ऐसे में भागलपुर पुलिस की मानवीय संवेदनशीलता और जिम्मेदार कार्यशैली लोगों के बीच भरोसे की मिसाल बनकर सामने आई है।

सोमवार देर रात घाट क्षेत्र का दृश्य कुछ अलग ही था। जहां एक ओर थके-हारे यात्री खुले आसमान के नीचे विश्राम कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर भागलपुर पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभालती दिखाई दी। पुलिस अधिकारी जितेंद्र कुमार ओझा अपने दो जवानों के साथ रातभर घाट क्षेत्र में गश्त करते रहे। वे लगातार यात्रियों के बीच पहुंचकर उनका हालचाल लेते, सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते और लोगों को यह भरोसा दिलाते दिखे कि प्रशासन हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है।

पुलिस अधिकारी जितेंद्र कुमार ओझा ने बताया कि जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक के स्पष्ट निर्देश हैं कि बरारी पूल घाट पर आने-जाने वाले प्रत्येक यात्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि रात में घाट पर ठहरने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि विक्रमशिला पुल की मौजूदा स्थिति को देखते हुए यात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसी कारण प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है। पुलिसकर्मी केवल कानून-व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यात्रियों की छोटी-बड़ी जरूरतों और समस्याओं पर भी लगातार नजर रख रहे हैं।

घाट पर मौजूद कई यात्रियों ने भी पुलिस की सक्रियता की सराहना की। लोगों ने कहा कि देर रात पुलिस की मौजूदगी से उन्हें काफी राहत और सुरक्षा का एहसास हुआ। खासकर महिला यात्रियों, बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह व्यवस्था बेहद मददगार साबित हो रही है।
भागलपुर पुलिस की यह संवेदनशील पहल ऐसे समय में लोगों के बीच प्रशासन के प्रति भरोसा मजबूत कर रही है, जब विक्रमशिला सेतु संकट के कारण आमजन कई तरह की परेशानियों का सामना कर रहे हैं। संकट की इस घड़ी में पुलिस की तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण लोगों के लिए राहत और सहारा बनकर उभर रहा है।
















