


भागलपुर से नवगछिया के बीच नाव-क्रूज परिचालन के लिए रूट और समय-सारणी तय करने के निर्देश, यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष जोर
भागलपुर। विक्रमशिला सेतु के आगामी अवधि में संभावित रूप से बंद रहने की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने वैकल्पिक यातायात व्यवस्था और यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाओं की तैयारी तेज कर दी है। सेतु के बंद रहने के दौरान आम लोगों और यात्रियों के आवागमन को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया है।

इस संबंध में जिला पदाधिकारी, भागलपुर द्वारा गठित समिति को वैकल्पिक यातायात व्यवस्था, नाव एवं क्रूज परिचालन तथा यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा और स्थलीय निरीक्षण करने को कहा गया है। समिति को संबंधित विभागों और एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से पूरी करने का निर्देश दिया गया है।
भागलपुर-नवगछिया के बीच नाव-क्रूज का रूट होगा निर्धारित
जिला प्रशासन ने विशेष रूप से भागलपुर से नवगछिया तक जलमार्ग से संचालित होने वाले नाव एवं क्रूज के लिए रूट-चार्ट तैयार करने का निर्देश दिया है। निर्धारित मार्ग के अनुरूप बड़े और छोटे नाव-क्रूज के परिचालन के लिए प्रारंभिक स्थल से अंतिम स्थल तक समय-सारणी तैयार की जाएगी, ताकि यात्रियों को आवागमन में परेशानी न हो।
इसके लिए परिवहन विभाग, पुलिस विभाग, यातायात विभाग, पथ निर्माण विभाग, नगर निकाय, प्रखंड एवं अंचल प्रशासन सहित अन्य संबंधित विभागों और एजेंसियों के बीच आवश्यक समन्वय स्थापित करने को कहा गया है।

वैकल्पिक मार्गों पर यातायात व्यवस्था होगी सुदृढ़
विक्रमशिला सेतु के बंद रहने की अवधि में आम लोगों और वाहनों के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों पर पर्याप्त यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। आवश्यकता के अनुसार यातायात मार्ग परिवर्तन और अन्य आवश्यक नियंत्रण उपाय भी लागू किए जाएंगे।
यात्रियों की सुविधा के लिए नाव एवं क्रूज के चढ़ने और उतरने के उपयुक्त स्थानों का स्थलीय निरीक्षण कर चिन्हांकन किया जाएगा। इन स्थानों पर यात्रियों के सुरक्षित चढ़ने-उतरने, वाहनों के व्यवस्थित ठहराव और भीड़ नियंत्रण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
निर्धारित किराया सार्वजनिक करने के निर्देश
वैकल्पिक आवागमन व्यवस्था के तहत निर्धारित किराया या दर को प्रमुख स्थानों पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया है। संबंधित पदाधिकारियों को किराया व्यवस्था की निगरानी करने और निर्धारित दर से अधिक वसूली की स्थिति में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
सुरक्षा मानकों की होगी जांच
जिला प्रशासन ने नाव एवं क्रूज परिचालन से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं, उपलब्ध कराए जाने वाले आधारभूत ढांचे और सुरक्षा मानकों की जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। प्रशासन का जोर इस बात पर है कि सेतु के संभावित बंद रहने के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था सुरक्षित, सुचारू एवं प्रभावी तरीके से संचालित हो।
जिला प्रशासन की ओर से संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है।
















