


वैकल्पिक आवागमन व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने तेज की तैयारी
भागलपुर : विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद वैकल्पिक आवागमन व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने बेली ब्रिज निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसके लिए Border Roads Organisation की टीम भागलपुर पहुंच चुकी है।
भागलपुर जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि बीआरओ के अधिकारियों की एक टीम मंगलवार को भागलपुर पहुंची है, जबकि अन्य तकनीकी विशेषज्ञों और अधिकारियों के भी पहुंचने की संभावना है।

जिलाधिकारी ने कहा कि बेली ब्रिज निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा, ताकि विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के कारण लोगों को आवागमन में हो रही परेशानियों से राहत मिल सके। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से ब्रो टीम के ठहरने, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।
डीएम ने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन और ब्रो के संयुक्त प्रयास से बेली ब्रिज का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आम लोगों की सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है।
गौरतलब है कि विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद भागलपुर सहित आसपास के कई जिलों के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क संपर्क प्रभावित होने से छात्रों, मरीजों, व्यापारियों और आम यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

ऐसे में बेली ब्रिज निर्माण की पहल से लोगों में राहत की उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द वैकल्पिक व्यवस्था शुरू हो जाती है तो आवागमन और व्यापारिक गतिविधियों को काफी राहत मिलेगी।















