


सहयोग अध्यक्ष डॉ. अजीत ने लोगों को हाई ब्लड प्रेशर के प्रति किया जागरूक
पूर्णिया : विश्व उच्च रक्तचाप दिवस के अवसर पर शनिवार को आकाशवाणी रोड स्थित सहयोग प्रांगण में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सहयोग संस्था के अध्यक्ष डॉ. अजीत प्रसाद सिंह ने लोगों का निशुल्क रक्तचाप परीक्षण किया तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह दी।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तचाप जांच कराई और स्वास्थ्य विशेषज्ञों से परामर्श लिया। इस अवसर पर डॉ. के.के. चौधरी, डॉ. सतीश, संजीवनी, प्रीतम, आस्था, रूपेश गांधी, रंजीत रमन, डॉ. राजेश गोस्वामी, डॉ. बबीता गोस्वामी, सहयोग सदस्य राजीव कुमार एवं राजा कुमार ने सराहनीय सहयोग किया।
इस अवसर पर डॉ. अजीत प्रसाद सिंह ने लोगों को उच्च रक्तचाप यानी हाई ब्लड प्रेशर के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि इसे “साइलेंट किलर” कहा जाता है, क्योंकि शुरुआती दौर में इसके लक्षण स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देते। उन्होंने बताया कि विश्व उच्च रक्तचाप दिवस प्रत्येक वर्ष 17 मई को मनाया जाता है। इसकी शुरुआत वर्ष 2005 में विश्व उच्च रक्तचाप लीग द्वारा की गई थी तथा 2006 से इसे नियमित रूप से मनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस दिवस का उद्देश्य लोगों को नियमित रूप से रक्तचाप जांच कराने, इसके खतरों को समझने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उच्च रक्तचाप हृदय रोग, दिल का दौरा, स्ट्रोक और किडनी संबंधी गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण बनता जा रहा है।
डॉ. सिंह ने बताया कि हाई ब्लड प्रेशर के मुख्य कारणों में अधिक नमक एवं वसायुक्त भोजन का सेवन, शारीरिक गतिविधि की कमी, मोटापा, तनाव, धूम्रपान, अत्यधिक शराब सेवन, मधुमेह, किडनी रोग तथा आनुवंशिक कारण शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि शुरुआती दौर में इसके लक्षण सामान्यतः दिखाई नहीं देते, लेकिन गंभीर स्थिति में तेज सिरदर्द, सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द, चक्कर आना, थकान, धुंधला दिखना और घबराहट जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

डॉ. अजीत ने लोगों से नियमित रक्तचाप जांच कराने, संतुलित आहार लेने, नमक का सेवन कम करने, प्रतिदिन व्यायाम एवं योग करने, वजन नियंत्रित रखने तथा नशे से दूर रहने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा गया।
















