5
(6)

‘

@ छठ की आस्था लेकर घर लौट रहे बिहारियों को धमकी भरे लहजे का सामना, वायरल वीडियो ने बिहारियों के सम्मान और स्वाभिमान पर खड़े किए सवाल।

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। छठ महापर्व केवल एक पर्व नहीं, बल्कि बिहारियों की आस्था, संस्कृति, अस्मिता और आत्मसम्मान का प्रतीक है। देश के कोने-कोने में रोजी-रोटी के लिए रहने वाले लाखों बिहारी जब छठ के मौके पर अपने गांव, घर और परिवार के बीच लौटते हैं, तो उनके मन में अपार खुशी और श्रद्धा होती है। लेकिन इसी आस्था के साथ घर लौट रहे बिहार के यात्रियों को अगर रेलवे स्टेशन पर सम्मान के बजाय कथित तौर पर धमकी और दबंगई का सामना करना पड़े, तो सवाल उठना लाजिमी है।

दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बिहार लौट रहे यात्रियों के साथ रेलवे पुलिस के कथित धमकी भरे व्यवहार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिसकर्मी छठ महापर्व पर घर लौट रहे यात्रियों को सख्त और कथित तौर पर अपमानजनक लहजे में चेतावनी देते नजर आ रहे हैं। इस घटना ने न केवल पुलिस की कार्यशैली, बल्कि बिहारियों के सम्मान और स्वाभिमान को लेकर भी बहस छेड़ दी है। वायरल वीडियो की पुष्टि अखबार नहीं करता है।

वायरल वीडियो में एक पुलिसकर्मी को कथित तौर पर यह कहते हुए सुना जा सकता है – ‘ये बिहार नहीं है… दिल्ली है। दो मिनट लगेगा शांत करने में!’ इतना ही नहीं, आगे पुलिसकर्मी कथित तौर पर कहता सुनाई देता है – करो न… हंगामा करो न… बताता हूं!’ इस दौरान एक बिहारी रेल यात्री बेहद दबी जुबान में जवाब देता सुनाई देता है- ‘हम कर रहे हैं…’

बेशक, रेलवे स्टेशन पर भीड़, अव्यवस्था और यात्रियों की सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है। कानून का पालन कराना भी जरूरी है, लेकिन कानून के रखवालों से मर्यादा और संवेदनशीलता की अपेक्षा भी उतनी ही जरूरी है। भीड़ को नियंत्रित करने के नाम पर यात्रियों के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाना किसी भी स्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता। छठ बिहारियों के लिए महज धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मिट्टी से जुड़ाव, परिवार से मिलने की खुशी और अपनी सांस्कृतिक पहचान का पर्व है। कोई मजदूर महीनों की कमाई और संघर्ष के बाद घर लौटता है, कोई नौकरी से छुट्टी लेकर आता है, तो कोई अपने बच्चों को पहली बार गांव में छठ दिखाने ले जा रहा होता है। उनके लिए यह सफर सिर्फ रेलवे का सफर नहीं, बल्कि अपनों तक पहुंचने की भावनात्मक यात्रा है।

ऐसे में अगर स्वागत और सहयोग के बजाय उन्हें धमकी भरे शब्द सुनने पड़ें, तो दर्द सिर्फ उस यात्री का नहीं होता, बल्कि उन लाखों बिहारियों का होता है जो देश के अलग-अलग हिस्सों में रहकर मेहनत से अपनी पहचान बनाते हैं और अपने राज्य का नाम रोशन करते हैं। बिहारियों को कानून का सम्मान करना आता है और वे व्यवस्था बनाए रखने की जरूरत भी समझते हैं। बिहारियों की मांग कोई विशेष सुविधा नहीं, बल्कि वही सम्मान है जो देश के हर नागरिक का अधिकार है। आखिर छठ की डलिया लेकर घर लौटने वाले इन यात्रियों ने मांगा ही क्या है- बस सुरक्षित सफर, थोड़ा सहयोग और सम्मान के दो बोल!

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 6

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: