5
(42)

नवगछिया। इस्माइलपुर थाना क्षेत्र में पूर्व की दुश्मनी को लेकर युवक की गला रेतकर हत्या करने के मामले में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय नीतू कुमारी की अदालत ने 10 वर्षों से फरार चल रहे आरोपित छोटी परवत्ता निवासी मुकेश दास को दोषी करार दिया है। न्यायालय में सजा के बिंदु पर 27 नवंबर को सुनवाई होगी। इस मामले में पूर्व में तीन आरोपितों को 13 अप्रैल 2015 को न्यायालय सजा सुना चुकी है।

अपर लोक अभियोजक देवेंद्र कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना दो अगस्त 2010 की सुबह करीब 11 बजे की है। इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के जहजवा धार स्थित बिजली बहियार में पूर्व की दुश्मनी को लेकर मुकेश कुमार दास ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर छोटी परवत्ता निवासी चंद्रदेव दास के पुत्र सोबिन कुमार दास की गला रेतकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद मृतक के पिता चंद्रदेव दास के बयान पर इस्माइलपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी।

मामले की सुनवाई जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय की अदालत में हुई। सुनवाई के दौरान चिकित्सक, अनुसंधानकर्ता सहित आठ गवाहों ने अभियोजन पक्ष का समर्थन किया। गवाहों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने मुकेश दास को भारतीय दंड विधान की धारा 302/34 के तहत दोषी करार दिया।

अपर लोक अभियोजक ने बताया कि इस कांड में तीन आरोपितों को पहले ही सजा सुनायी जा चुकी है, जबकि मुकेश दास लगातार करीब 10 वर्षों तक फरार चल रहा था। लंबे समय बाद न्यायिक प्रक्रिया के तहत उसके विरुद्ध सुनवाई पूरी हुई और अदालत ने उसे दोषी ठहराया। सरकार की ओर से अपर लोक अभियोजक देवेंद्र कुमार सिंह ने अभियोजन पक्ष की ओर से बहस में हिस्सा लिया। अब 27 नवंबर को होने वाली सुनवाई में आरोपित की सजा निर्धारित की जाएगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 42

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: