
भवानीपुर थाना क्षेत्र के नगरपाड़ा गांव में घर से चोरी की मिली थी शिकायत, डायल 112 की टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से की कार्रवाई
नवगछिया। भवानीपुर थाना क्षेत्र के नगरपाड़ा गांव में घर से सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल और नकदी सहित अन्य सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नगरपाड़ा निवासी गंभीर कुमार, तीरन सिंह और प्रीतम कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर को रामबहादुर सिंह ने डायल 112 की टीम को सूचना दी कि नगरपाड़ा स्थित उनके घर में अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल, नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिए गए हैं।

सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस टीम ने मामले में संलिप्त होने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया।
इस संबंध में भवानीपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।














