


रंगरा चौक पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने पकड़ा, साबुनदानी में छिपाकर रखा था स्मैक
नवगछिया। रंगरा थाना पुलिस ने मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 48.05 ग्राम स्मैक के साथ एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान रंगरा थाना क्षेत्र के भवानीपुर निवासी सुधांशु संगम के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, रंगरा थाना को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मुरली की ओर से स्मैक लेकर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रंगरा थाना चौक पर वाहन जांच शुरू कर दी।
इसी दौरान एक यात्री बस से उतरकर एक व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने संदेह के आधार पर उसे पकड़ लिया और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपित के कमर से एक साबुनदानी बरामद हुई, जिसके अंदर छिपाकर रखा गया कुल 48.05 ग्राम स्मैक मिला। इसके अलावा उसके पास से 260 रुपये नकद भी बरामद किए गए।

पुलिस ने बरामद स्मैक को जब्त कर आरोपित सुधांशु संगम को गिरफ्तार कर लिया। मामले में रंगरा थाना में एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपित को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा बरामद मादक पदार्थ के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

















