
रंगरा प्रखंड में सभी घाट तैयार, झल्लू दास टोला, भीम दास टोला और कौशकीपुर-सहौड़ा समेत कई घाट अति संवेदनशील घोषित
नवगछिया । लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर रंगरा प्रखंड में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विभिन्न घाटों पर छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। रविवार की शाम व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे, जबकि सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा। पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रखंड प्रशासन ने विभिन्न छठ घाटों की सूची तैयार कर सामान्य और अति संवेदनशील घाटों को चिह्नित किया है।

अंचल कार्यालय, रंगरा चौक की ओर से अनुमंडल पदाधिकारी, नवगछिया को भेजी गई सूची में झल्लू दास टोला घाट, तिनटंगा दक्षिण, भीम दास टोला घाट, तिनटंगा उत्तर, बनिकपुर हॉल्ट घाट, बनिया बैसी, भवानीपुर-मदरौनी, सरस्वती मंदिर के समीप स्थित पोखर, पछियारी टोला स्थित कोसी नदी घाट, महंत बाबा स्थान, कौशकीपुर-सहौड़ा, कलबलिया घाट, सधुआ कोसी धार और जहांगीरपुर बैसी सहित विभिन्न घाटों को शामिल किया गया है।
प्रशासन की ओर से तैयार सूची में झल्लू दास टोला, भीम दास टोला, कौशकीपुर-सहौड़ा और जहांगीरपुर बैसी घाट को अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। वहीं, तिनटंगा दक्षिण, तिनटंगा उत्तर, बनिकपुर हॉल्ट, भवानीपुर-मदरौनी, कलबलिया और सधुआ सहित अन्य घाटों को सामान्य श्रेणी में चिह्नित किया गया है। अति संवेदनशील घाटों पर श्रद्धालुओं की अधिक आवाजाही और नदी के जलस्तर को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।

रंगरा प्रखंड की प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रीति कुमारी ने बताया कि छठ पूजा को लेकर सभी घाटों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रशासन की ओर से पर्व के दौरान घाटों की व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाएगी, ताकि किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न नहीं हो।

छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना का अनुष्ठान संपन्न होगा। इसके बाद व्रती 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू करेंगे। रविवार की शाम व्रती पारंपरिक सूप और दउरा में फल, ठेकुआ, नारियल एवं ईख सहित पूजन सामग्री लेकर घाट पहुंचेंगे और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके बाद सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ व्रती पारण करेंगे।
प्रखंड क्षेत्र में कोसी नदी की विभिन्न धाराओं और अन्य जलाशयों के किनारे स्थित घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। ऐसे में अति संवेदनशील घाटों पर विशेष निगरानी, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था महत्वपूर्ण होगी। प्रशासन की प्राथमिकता पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराना है।














