


नवगछिया। आइसा, आरवाईए एवं भाकपा (माले) के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को नवगछिया में छात्र–युवा आंदोलन के समर्थन में संकल्प मार्च निकाला गया। मार्च स्टेशन परिसर चौक से शुरू होकर स्टेशन परिसर, सब्जी मंडी, वैशाली चौक, मुख्य बाजार, महराजी चौक एवं मक्खाटकीया चौक होते हुए पुनः वैशाली चौक पहुंचा, जहां सभा का आयोजन किया गया।
संकल्प मार्च का नेतृत्व भाकपा (माले) नवगछिया प्रखंड सचिव एवं आरवाईए के राष्ट्रीय परिषद सदस्य गौरीशंकर राय, जिला कमेटी सदस्य पुरुषोत्तम दास, सत्यनारायण यादव, रेणु देवी, आशुतोष यादव एवं सुधीर यादव ने संयुक्त रूप से किया।
सभा को संबोधित करते हुए गौरीशंकर राय ने कहा कि छात्र–युवा आंदोलन के दबाव में बिहार सरकार ने 26 जुलाई 2026 तक आंदोलन के दौरान दर्ज सभी मुकदमे वापस लेने की घोषणा की है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत बताते हुए सरकार से इस घोषणा को तत्काल प्रभाव से लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मुकदमा वापसी की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की देरी या प्रशासनिक लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की घोषणा के बावजूद भागलपुर सहित राज्य के विभिन्न जिलों में कई छात्र–युवा अब भी जेल में बंद हैं तथा मुकदमा वापसी की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। उन्होंने सभी बंद छात्रों की शीघ्र रिहाई सुनिश्चित करने और नगरनौसा सहित विभिन्न छात्र–युवा आंदोलनों के दौरान दर्ज सभी मुकदमों को बिना शर्त वापस लेने की मांग की।
सभा को भाकपा (माले) जिला कमेटी सदस्य पुरुषोत्तम दास, सुधीर यादव तथा ऐपवा जिला सचिव रेणु देवी ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों की मांग करने वाले छात्रों और युवाओं पर दमनात्मक कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है।
कार्यक्रम में खरीक प्रखंड सचिव सत्यनारायण यादव, आशुतोष यादव, प्रमोद यादव, पृथ्वी शर्मा, सुशील भारती, कंचन देवी, रिंकू रानी, सरपंच नीतू देवी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। आयोजकों के अनुसार संकल्प मार्च एवं सभा में सैकड़ों लोगों ने भाग लिया।















