


भागलपुर। जीवन जागृति सोसाइटी की ओर से लाजपत पार्क स्थित 4 बिहार बटालियन एनसीसी परिसर में एनसीसी कैडेटों के लिए कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण शिशु रोग विशेषज्ञ एवं जीवन जागृति सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह ने दिया।

प्रशिक्षण के दौरान डॉ. सिंह ने सड़क दुर्घटना, डूबने अथवा अन्य किसी कारण से हृदय गति या सांस रुक जाने जैसी आपात स्थितियों में सीपीआर देने की सही तकनीक का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रत्येक कैडेट को डमी पर अभ्यास कराते हुए सीपीआर की प्रक्रिया विस्तार से समझाई।
इसके अलावा उन्होंने अत्यधिक रक्तस्राव रोकने की प्रभावी तकनीक की जानकारी दी। साथ ही घर में उपलब्ध बांस, लाठी के टुकड़ों और चादर की सहायता से अस्थायी स्ट्रेचर तैयार करने का सरल एवं उपयोगी तरीका भी बताया।
डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में सही समय पर और सही तकनीक से दिया गया सीपीआर किसी व्यक्ति की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने युवाओं से इस जीवनरक्षक कौशल को सीखने और जरूरत पड़ने पर दूसरों की मदद के लिए आगे आने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण के दौरान एनसीसी कैडेटों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सीपीआर सहित प्राथमिक उपचार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। कार्यक्रम के समापन पर 4 बिहार बटालियन एनसीसी के अधिकारियों ने डॉ. अजय कुमार सिंह का आभार व्यक्त करते हुए प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी एवं जनहितकारी बताया।
इस अवसर पर जीवन जागृति सोसाइटी के प्रोजेक्ट मैनेजर आलोक कुमार, मृत्युंजय कुमार सिंह, धर्मेंद्र तथा अखिलेश उपस्थित थे। वहीं एनसीसी की ओर से लेफ्टिनेंट विकास मंडल (कमांडिंग ऑफिसर, 4 बिहार बटालियन एनसीसी), सूबेदार मेजर सीतल सिंह, सूबेदार गोपाल कृष्ण, सूबेदार जगदीप सिंह, सूबेदार बाबूलाल यादव, नायब सूबेदार लखविंदर सिंह, बटालियन हवलदार मेजर रंजीत सिंह, कंपनी हवलदार मेजर मुखिया यादव तथा हवलदार सुरजीत सिंह एवं हवलदार प्रदीप कुमार सहित अन्य अधिकारी और कैडेट मौजूद रहे।
















