5
(2)

प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। किशनगंज से कांग्रेस विधायक कमरुल होदा ने भागलपुर में प्रेसवार्ता कर केंद्र और बिहार सरकार पर छात्र आंदोलन को दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि अगले 15 दिनों के भीतर छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए और जेल में बंद छात्रों को रिहा नहीं किया गया तो कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में देशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी।
कमरुल होदा ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर एक टीम बिहार के विभिन्न जिलों का दौरा कर छात्र आंदोलन की वास्तविक स्थिति का आकलन कर रही है। इसी क्रम में वे भागलपुर पहुंचे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक के खिलाफ शांतिपूर्ण आंदोलन करने वाले छात्रों के साथ अन्याय हुआ और कई निर्दोष युवाओं को जेल भेज दिया गया।
विधायक ने कहा कि पेपर लीक केवल परीक्षा में गड़बड़ी नहीं, बल्कि लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों के सपनों पर सीधा हमला है। उन्होंने दावा किया कि गरीब परिवार वर्षों की मेहनत और त्याग से बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनका भविष्य दांव पर लगा देती हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान विपक्षी नेताओं और छात्रों के साथ दुर्व्यवहार किया गया। कांग्रेस सांसदों और नेताओं पर कार्रवाई की गई, जबकि सरकार छात्रों की मांगों को सुनने के बजाय दमनात्मक रवैया अपनाती रही।
कमरुल होदा ने कहा कि भागलपुर में करीब 50 लोगों को नामजद किया गया, 80 से अधिक छात्रों को गिरफ्तार किया गया और 400 से 500 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया। उनका कहना था कि सरकार ने छात्रों को रिहा करने की घोषणा की थी, लेकिन कई छात्र अब भी जेल में हैं और उनके परिवार कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
उन्होंने भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक से दर्ज मामलों की समीक्षा कर निर्दोष छात्रों को राहत देने की मांग की। साथ ही कहा कि कांग्रेस छात्रों, उनके परिजनों और घायल युवाओं से मिलकर पूरी रिपोर्ट राष्ट्रीय नेतृत्व को सौंपेगी। यदि जांच में जेल में अमानवीय व्यवहार या पुलिस ज्यादती की पुष्टि होती है तो पार्टी इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाएगी।
असामाजिक तत्वों की भूमिका के सवाल पर उन्होंने कहा कि यदि किसी की संलिप्तता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन निर्दोष छात्रों को प्रताड़ित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: