


पुलिस मुख्यालय ने मांगी थी रिपोर्ट, जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद नवगछिया पुलिस ने की कार्रवाई
नवगछिया : पुलिस वर्दी में सोशल मीडिया पर वीडियो और रील्स बनाकर अपलोड करने के मामले में नवगछिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला सिपाही संख्या 645 नेहा कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। नेहा कुमारी वर्तमान में ईआरएसएस/ईआरवी-06, परबत्ता में प्रतिनियुक्त बताई गई हैं।

पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को पुलिस मुख्यालय की ओर से महिला सिपाही द्वारा पुलिस वर्दी में सोशल मीडिया पर वीडियो/रील्स वायरल किए जाने के संबंध में जानकारी मांगी गई थी। मामले को नवगछिया पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच कराई।
जांच के दौरान पाया गया कि महिला सिपाही ने पुलिस वर्दी में वीडियो/रील्स बनाकर उन्हें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर अपलोड किया था। पूछताछ के दौरान महिला सिपाही ने भी वीडियो/रील्स बनाकर फेसबुक पर अपलोड करने की बात स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार, वर्दी में इस तरह के वीडियो/रील्स बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करना कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता एवं सरकारी सेवा नियमावली का उल्लंघन पाया गया। इसके बाद महिला सिपाही के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

नवगछिया पुलिस ने कहा है कि पुलिसकर्मियों के आचरण एवं अनुशासन से संबंधित निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई लगातार की जा रही है। पुलिस विभाग की ओर से कर्मियों को निर्धारित अनुशासन और सेवा नियमों का पालन करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
















