


बाढ़ पीड़ितों से की मुलाकात, सामुदायिक रसोई, पेयजल और अस्थायी शौचालय की व्यवस्था कराने की मांग
नवगछिया : भारतीय जनता पार्टी, नवगछिया जिला का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को बाढ़ राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लेने सैदपुर पंचायत स्थित ब्रह्मोत्तर बांध पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भाजपा नवगछिया जिलाध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह निषाद ने किया।
निरीक्षण के दौरान नवगछिया एसपी वैभव शर्मा, स्थानीय अंचल अधिकारी एवं संबंधित थानाध्यक्ष भी मौके पर पहुंचे। भाजपा नेताओं और प्रशासनिक पदाधिकारियों के बीच ब्रह्मोत्तर बांध की सुरक्षा, कटाव निरोधक कार्यों तथा संवेदनशील स्थानों को मजबूत करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने स्पर संख्या-8 (बिंद टोली) और तीनटंगा करारी के विभिन्न वार्डों का दौरा किया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और तत्काल आवश्यकताओं की जानकारी ली।
बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं को देखते हुए जिलाध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह निषाद ने दूरभाष पर अनुमंडल पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं पीएचईडी के अभियंताओं से बातचीत की। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में सामुदायिक रसोई, पेयजल के लिए चापाकल और अस्थायी शौचालय की समुचित व्यवस्था अविलंब कराने का अनुरोध किया।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि भीषण बाढ़ की स्थिति में सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ जनता के साथ खड़ी है। राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रभावित लोगों तक आवश्यक सुविधाएं समय पर पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल में भाजपा जिला मंत्री बासुकी मंडल, मंडल अध्यक्ष रंजीत झा एवं मुकेश मंडल, पूर्व जिला महामंत्री मनोज कुमार पांडे, स्थानीय पंचायत अध्यक्ष सहित पार्टी के कई प्रमुख कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
















