5
(1)

नशे की लत को लेकर घर में रहता था विवाद, भवानीपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव की घटना

जीएस न्यूज़ | नारायणपुर

भवानीपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में बुधवार देर रात एक युवक की उसके छोटे भाई द्वारा मूसल से सिर पर प्रहार कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद आरोपी छोटा भाई मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया है।

मृतक की पहचान सुधीर मंडल के 20 वर्षीय पुत्र अमन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, घटना रात करीब दो बजे की बताई जा रही है। अमन कुमार अपने छोटे भाई 18 वर्षीय सुमन कुमार के साथ घर में एक ही चौकी पर सोया था।

परिजनों के अनुसार, सुमन कुमार रात करीब दो बजे चौकी से उठकर बाहर निकल गया। उसके उठने की आहट सुनकर अमन भी कमरे से बाहर निकला और कुछ देर तक अपने छोटे भाई की तलाश करता रहा। करीब आधे घंटे तक सुमन के नहीं मिलने पर अमन वापस चौकी पर आकर सो गया।

बताया जाता है कि कुछ देर बाद चौकी के नीचे से आहट सुनाई दी। अमन कुछ समझ पाता, इससे पहले चौकी के नीचे छिपे सुमन ने मसाला पीसने वाले मूसल से उसके सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया। नींद में होने के कारण अमन को संभलने का मौका नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

ग्रामीणों के अनुसार, सुमन कुमार कथित रूप से सूखे नशे का आदी था, जिसके कारण परिवार और टोले के लोग परेशान रहते थे। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

घटना के बाद आरोपी सुमन कुमार मौके से फरार है। सुबह सूचना मिलने पर भवानीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: