5
(2)

प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। राष्ट्रीय ध्वज केवल कपड़े का एक टुकड़ा नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। लेकिन नगर पंचायत, कहलगांव में इसी राष्ट्रीय सम्मान से जुड़ी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नगर क्षेत्र में लगे हाईमास्ट पर फटा हुआ तिरंगा लहराता रहा और जिम्मेदार अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि कथित तौर पर इसे देखते हुए भी अनदेखा करते रहे। करीब 100 फिट की ऊंचाई पर अवस्थित इस राष्ट्रीय ध्वज को पिछले 23 अगस्त को सम्मान पूर्वक लगाया गया था।


हाईमास्ट पर फटे तिरंगे की तस्वीर सामने आने के बाद नगर पंचायत की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। सवाल यह है कि जिस स्थान पर राष्ट्रीय ध्वज लगाया गया है, वहां उसकी नियमित निगरानी की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? क्या हाईमास्ट की देखरेख के लिए कोई व्यवस्था नहीं है, या फिर जिम्मेदारों ने इसे अपनी प्राथमिकता से बाहर कर दिया है?
तिरंगा फटा, लेकिन व्यवस्था की आंखें नहीं खुलीं:
नगर क्षेत्र में हाईमास्ट पर तिरंगा लगातार लहराता रहा। हवा में फड़फड़ाते फटे कपड़े को देखकर सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता था कि ध्वज की स्थिति खराब हो चुकी है। इसके बावजूद समय रहते उसे बदलने या सम्मानपूर्वक उतारने की कार्रवाई नहीं होना कई सवाल खड़े करता है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या नगर पंचायत के अधिकारी और जनप्रतिनिधि रोजाना यहां मंडराते हैं, लेकिन हाईमास्ट पर लगे राष्ट्रीय ध्वज की स्थिति पर उनकी नजर नहीं पड़ती?
राष्ट्रीय सम्मान से जुड़ा मामला, फिर भी लापरवाही क्यों:
राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान को लेकर देश में स्पष्ट नियम एवं प्रावधान हैं। ऐसे में सार्वजनिक स्थान पर क्षतिग्रस्त या फटा हुआ तिरंगा लहराता रहना महज रखरखाव की छोटी कमी मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत को शहर की साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट और अन्य व्यवस्थाओं के साथ-साथ सार्वजनिक स्थलों पर लगे राष्ट्रीय ध्वज और हाईमास्ट की भी नियमित निगरानी करनी चाहिए। यदि ध्वज खराब हो जाए तो उसे तत्काल सम्मानपूर्वक बदलने की व्यवस्था होनी चाहिए।
जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी उठे सवाल
नगर पंचायत क्षेत्र में किसी सार्वजनिक व्यवस्था की जिम्मेदारी केवल अधिकारियों की नहीं होती। निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से भी लोगों को उम्मीद रहती है कि वे अपने क्षेत्र की समस्याओं पर नजर रखें और संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के लिए कहें।
लोगों ने मांगी तत्काल कार्रवाई:
मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने मांग की है कि फटे हुए तिरंगे को तत्काल सम्मानपूर्वक हटाकर नया राष्ट्रीय ध्वज लगाया जाए। साथ ही हाईमास्ट और वहां लगे तिरंगे की नियमित निगरानी की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: