


प्रेमसागर उर्फ डब्लू यादव ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा, कहा- नवगछिया की बाढ़ केवल प्राकृतिक नहीं, लापरवाही से बढ़ी मानव निर्मित आपदा

गोपालपुर। विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी प्रेमसागर उर्फ डब्लू यादव ने शनिवार को गोपालपुर प्रखंड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और क्षतिग्रस्त ब्रह्मोत्तर बांध का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर तटबंध की स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय ग्रामीणों से बाढ़ एवं कटाव से उत्पन्न समस्याओं की जानकारी ली।
ब्रह्मोत्तर बांध के निरीक्षण के बाद प्रेमसागर उर्फ डब्लू यादव ने कहा कि नवगछिया में वर्तमान बाढ़ की स्थिति को पूरी तरह प्राकृतिक आपदा नहीं कहा जा सकता। उन्होंने इसे काफी हद तक मानव निर्मित आपदा बताते हुए संबंधित व्यवस्था और पूर्व में किए गए कटावरोधी कार्यों पर सवाल उठाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि तटबंध की संवेदनशील स्थिति के बावजूद समय रहते प्रभावी और मजबूत एंटी-इरोजन कार्य नहीं कराया गया। यदि समय रहते तटबंध की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए गए होते तो वर्तमान में उत्पन्न अफरातफरी और ग्रामीणों के बीच भय की स्थिति को काफी हद तक टाला जा सकता था।

ग्रामीणों के प्रयास से बचा ब्रह्मोत्तर बांध
प्रेमसागर यादव ने कहा कि ब्रह्मोत्तर बांध को बचाने में स्थानीय ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। तटबंध पर खतरा उत्पन्न होने के बाद ग्रामीणों ने रात-दिन एक कर बचाव कार्य में सहयोग किया। जल संसाधन विभाग और प्रशासनिक टीम के साथ मिलकर ग्रामीणों ने कटाव वाले हिस्से को सुरक्षित करने में अथक प्रयास किया, जिसके कारण स्थिति को नियंत्रण में लाने में मदद मिली।
उन्होंने कहा कि तटबंध केवल मिट्टी और बालू का ढांचा नहीं है, बल्कि इसके पीछे हजारों परिवारों की सुरक्षा और किसानों की मेहनत जुड़ी हुई है। इसलिए संवेदनशील तटबंधों की नियमित निगरानी और समय रहते स्थायी सुरक्षात्मक कार्य कराया जाना जरूरी है।
दक्षिणी नवगछिया को सुरक्षित रखने की मांग
पूर्व प्रत्याशी ने कहा कि नवगछिया के दक्षिणी हिस्से में बाढ़ और कटाव का खतरा लगातार बना हुआ है। ऐसे में संबंधित विभाग और प्रशासन को संवेदनशील तटबंधों की स्थिति की नियमित निगरानी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दक्षिणी नवगछिया को बाढ़ और कटाव से बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र की वर्तमान स्थिति से संबंधित पदाधिकारियों को भी अवगत कराया जाएगा, ताकि तटबंधों की सुरक्षा और प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
निरीक्षण के दौरान अधिवक्ता मुकेश कुमार, पूर्व सरपंच शंभू यादव, सौरव कुमार, दीपक कुमार समेत कई स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे। ग्रामीणों ने भी बाढ़ और तटबंध की स्थिति से जुड़ी अपनी समस्याएं और चिंताएं प्रेमसागर यादव के समक्ष रखीं।
















