


स्नान के दौरान गहरे पानी में डूबा था 13 वर्षीय अभिषेक, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों ने की तलाश
नवगछिया। महादेवपुर घाट पर शुक्रवार को स्नान के दौरान गहरे पानी में डूबे 13 वर्षीय अभिषेक कुमार का शव शनिवार को बरामद कर लिया गया। स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की मदद से शव की तलाश की गई। अभिषेक रंगरा थाना क्षेत्र के भवानीपुर निवासी मनोज यादव का पुत्र था।

शुक्रवार को घाट पर स्नान के दौरान तीन बच्चे गहरे पानी में चले गए थे। स्थानीय लोगों ने दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि अभिषेक पानी में डूब गया। इसके बाद से ही परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे थे।
परिजनों के अनुसार, अभिषेक एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने महादेवपुर घाट गया था। अंतिम संस्कार के बाद वह दो अन्य बच्चों के साथ स्नान करने पानी में उतरा था। इसी दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए। दो बच्चों को लोगों ने बचा लिया, लेकिन अभिषेक का पता नहीं चला।

शनिवार को स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की मदद से बासा के आसपास पानी में तलाश शुरू की गई। काफी प्रयास के बाद अभिषेक का शव बरामद हुआ। सूचना पर परवत्ता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अभिषेक की मौत से परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
















