


भागलपुर। बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के तत्वावधान एवं पूर्वी चंपारण जिला बॉल बैडमिंटन संघ के आयोजन में गांधी मैदान, मोतिहारी में 33वीं बिहार राज्य सीनियर बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप (महिला वर्ग) का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में मेजबान पूर्वी चंपारण की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दरभंगा को लगातार दो सेटों में 35-12, 35-15 से पराजित कर विजयी अभियान की शुरुआत की।
उद्घाटन मुकाबले में पूर्वी चंपारण की ओर से अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी संगीता कुमारी तथा राष्ट्रीय खिलाड़ी कुमकुम, शबनम खातून, तमन्ना और रानी कुमारी ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। वहीं दरभंगा की ओर से नेहा, शालिनी और खुशी ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इससे पूर्व प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) के जिलाधिकारी सौरव सुमन यादव ने दीप प्रज्वलित एवं नारियल फोड़कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी निर्भीक होकर प्रतियोगिता में हिस्सा लें और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मोतिहारी सदर के पुलिस उपाधीक्षक दिलीप कुमार, बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव गौरी शंकर, मुख्य प्रायोजक रूट प्योर के सीनियर एडवाइजर सोहन कुमार सिंह, विजय जायसवाल, पूर्व विधायक ई. शशिभूषण सिंह एवं उद्योगपति यमुना सिकारिया मौजूद रहे।

अतिथियों का स्वागत जिला बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव दीपक सिंह कश्यप एवं अरुण सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मुन्ना गिरी एवं रमेश कुमार भोला जी ने किया।
इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य अमरेंद्र सिंह, विनोद जायसवाल, प्रदेश भाजपा नेता फैसल अहमद, डॉ. अमित कुमार, वैशाली जिला सचिव रवि रंजन कुमार, मुख्य निर्णायक सतीश कुमार, साउथ एशियन गोल्ड मेडलिस्ट दीपक प्रकाश रंजन, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी विनोद कुमार धोनी, राष्ट्रीय खिलाड़ी बदल कुमार, मनीष कुमार सिंह, शुभम कुमार सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित थे।
यह जानकारी बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के राज्य प्रवक्ता ज्ञानदेव कुमार ने दी।
















