


परिवार ने लगाया डराने-धमकाने का आरोप, नेताओं ने सुरक्षा और न्याय का भरोसा दिलाया; सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील
पूर्णिया। गांव की एक युवती द्वारा युवक के साथ प्रेम विवाह किए जाने के बाद क्षेत्र में बढ़ी चर्चाओं और सोशल मीडिया पर चल रही पोस्ट के बीच विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी और कदवा विधायक दुलालचंद गोस्वामी चपय गांव पहुंचे। दोनों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली और परिवार को सुरक्षा एवं न्याय के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

बताया गया कि कुछ दिन पहले मनोज गोस्वामी की पुत्री रिया कुमारी ने गांव के ही युवक मिलन पासवान के साथ प्रेम विवाह किया था। इसके बाद कुछ युवकों द्वारा मामले को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार पोस्ट और प्रचार किए जाने से मामला चर्चा में आ गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि इसके बाद उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया जा रहा है तथा जाति के नाम पर माहौल को तनावपूर्ण बनाने की कोशिश की जा रही है।
परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों की जानकारी मिलने के बाद आशीष गोस्वामी और कदवा विधायक दुलालचंद गोस्वामी अन्य लोगों के साथ चपय गांव स्थित परिवार के घर पहुंचे। इस दौरान जदयू नेता पप्पू गिरी सहित गोस्वामी समाज के कई लोग मौजूद थे। नेताओं ने परिवार के सदस्यों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली।
जाति के नाम पर माहौल बिगाड़ने वालों की जांच की मांग
विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने कहा कि यदि बालिग युवक-युवती अपनी इच्छा से विवाह करते हैं तो मामले को लेकर किसी भी प्रकार का दबाव या भय का वातावरण नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को उकसाने या क्षेत्र की शांति एवं सामाजिक सौहार्द प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है तो प्रशासन को इसकी जांच करनी चाहिए।

उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से अपील की कि मामले से संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट और गतिविधियों की जांच की जाए। यदि जांच में किसी व्यक्ति द्वारा कानून का उल्लंघन किए जाने की बात सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
कानून के तहत कार्रवाई का भरोसा
कदवा विधायक दुलालचंद गोस्वामी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें भरोसा दिलाया कि किसी को भी डराने-धमकाने या झूठे आरोपों के माध्यम से परेशान नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने पूर्णिया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मामले में बात कर परिवार को आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा आरोपों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही।
परिवार के साथ खड़े रहने की बात
जदयू नेता पप्पू गिरी ने कहा कि घटना के बाद से ही परिवार के लोग उनके संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि वह लगातार परिवार के संपर्क में हैं और इस परिस्थिति में उनके साथ खड़े हैं।
भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील
आशीष गोस्वामी ने कहा कि समाज में जाति के आधार पर तनाव पैदा करने के बजाय आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी वर्गों से संयम बरतने और किसी भी प्रकार की अफवाह या अपुष्ट जानकारी के आधार पर प्रतिक्रिया नहीं देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि किसी भी मामले में कानून को अपना काम करने देना चाहिए। यदि किसी व्यक्ति को किसी प्रकार की धमकी या परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तो उसे तत्काल पुलिस या प्रशासन को इसकी जानकारी देनी चाहिए।
मौके पर विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के कटिहार जिला उपाध्यक्ष संजीव गोस्वामी, राष्ट्रीय मंत्री खगेश कुमार गोस्वामी सहित मुन्ना गोस्वामी, विशाल गोस्वामी, मनीष गोस्वामी, सुनील गोस्वामी, कन्हैया गोस्वामी, सोनू गोस्वामी, शशि गोस्वामी, जय किशोर गोस्वामी, मनजीत गोस्वामी, नटवर झा, अनु गिरी सहित अन्य लोग मौजूद थे।















