


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। राष्ट्रीय जनता दल के आह्वान पर शुक्रवार को भागलपुर जंक्शन चौक पर जिला राजद के बैनर तले मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर यादव ने की।

पुतला दहन के बाद नाथनगर विधानसभा से 2025 में राजद प्रत्याशी रहे शेख ज्याउल हसन उर्फ जेड हसन ने मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। जेड हसन ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता को प्रभावित किया गया है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ राजद्रोह का मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की मांग भी की।
जेड हसन ने बिहार, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र में हुए चुनावों को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि इन राज्यों में चुनाव के दौरान धांधली हुई और एनडीए के दलों को अवैध रूप से लाभ पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि यह जनता के जनादेश के विरुद्ध है। उन्होंने केंद्र सरकार से मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की, ताकि भविष्य में चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल न उठें।
कार्यक्रम में डॉ. चक्रपाणि हिमांशु, चंदन सिन्हा, अरुण साह, नूर हसन फरीदी, बसरुल हक, भोपाली यादव, शहादत हुसैन, सरवर इमाम, विश्वजीत कुशवाहा, दिवाकर कुशवाहा, अयाज अंसारी, अशोक राम, गोपाल यादव, सौरभ यादव, प्रदीप यादव, मो. शहाबुद्दीन, विवेका यादव, पिंटू यादव, कौशल मंडल और परमेश्वर मंडल सहित बड़ी संख्या में राजद नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी आपत्ति दर्ज कराई।

















