


पोषण और संतुलित आहार के प्रति जागरूकता का दिया संदेश, छोटे बच्चों ने उत्साह से लगाई आकर्षक प्रदर्शनी
पूर्णिया। केंद्रीय विद्यालय वायु सेना स्थल (एएफएस) चूनापुर, पूर्णिया में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत भव्य पोषण मेले का आयोजन किया गया। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में कुपोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व को समझाना रहा।

पोषण मेले में विद्यालय के प्रारंभिक और आधारभूत चरण के छोटे बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित विभिन्न आकर्षक प्रदर्शनी और प्रस्तुति के माध्यम से संतुलित आहार, पौष्टिक खाद्य पदार्थों और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। अभिभावकों और अतिथियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों और प्रदर्शनी की सराहना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी प्राचार्य निशांत कुमार सिंह ने संतुलित आहार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वस्थ बच्चे ही शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में बताए गए पंचकोशीय विकास के शारीरिक, प्राणिक, मानसिक, बौद्धिक और आनंदमय आयामों के विकास के लिए उचित पोषण महत्वपूर्ण आधार है।
उन्होंने कहा कि कम उम्र में बच्चों को पौष्टिक भोजन और सही खान-पान की आदतों के प्रति जागरूक करना आवश्यक है। पोषण मेले जैसे आयोजन बच्चों को सीखने के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली के प्रति व्यवहारिक रूप से जागरूक करने में सहायक होते हैं।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में दीपमाला, सरोज कुमार सक्सेना, मिथिलेश कुमार, शिवेंदु श्री, सुम्मी, अनीता और ममता कुमारी सहित विद्यालय के सभी शिक्षकों का सराहनीय योगदान रहा। शिक्षकों ने बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ प्रदर्शनी और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रूप से संचालित किया।
कार्यक्रम के समापन पर शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने स्वस्थ भारत के निर्माण के लिए पौष्टिक एवं संतुलित आहार अपनाने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
















