


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। भागलपुर और नवगछिया पुलिस जिले में अपराध पर लगाम लगाने और शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने को लेकर शनिवार को समीक्षा बैठक हुई। सभागार में आयोजित बैठक में पुलिस महानिरीक्षक, रेल पंकज कुमार राज ने दोनों पुलिस जिलों के पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली।
बैठक में खासकर महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा, लंबित कांडों के निष्पादन, वारंट-कुर्की, फरार आरोपितों की गिरफ्तारी, नशे के खिलाफ कार्रवाई और डायल-112 की व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए।

महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर आईजी रेल ने विशेष सतर्कता बरतने को कहा। स्कूल-कॉलेज, कोचिंग संस्थान, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजार और कामकाजी महिलाओं के आने-जाने वाले स्थानों पर पुलिस की नियमित गश्ती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही उन रास्तों पर भी नजर रखने को कहा गया, जहां से बड़ी संख्या में छात्राएं और महिलाएं रोजाना गुजरती हैं। प्रमुख पर्यटन स्थलों और वहां जाने वाले रास्तों पर भी पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने को कहा गया है।
बैठक में ‘पुलिस दीदी’ पहल की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को इस पहल को प्रभावी बनाने और महिलाओं व बालिकाओं तक पुलिस की पहुंच बेहतर करने पर जोर दिया गया।
अपराध नियंत्रण की समीक्षा के दौरान लंबित गिरफ्तारी और पुराने कांडों के निष्पादन की स्थिति भी देखी गई। आईजी रेल ने लंबित मामलों को जल्द निपटाने के साथ वारंट और कुर्की के मामलों में भी तेजी लाने का निर्देश दिया। मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। संवेदनशील इलाकों और प्रमुख स्थानों पर लगातार पेट्रोलिंग करने तथा पुलिस की दिखने वाली मौजूदगी बनाए रखने को कहा गया।
पुलिस की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया का बेहतर इस्तेमाल करने की बात कही गई। साथ ही सोशल मीडिया पर चल रही सूचनाओं पर नजर रखने और किसी गलत या भ्रामक सूचना के सामने आने पर पुलिस की ओर से जल्द तथ्यपरक जवाब देने का निर्देश दिया गया।
अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी
आईजी रेल ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था से जुड़े निर्देशों पर सिर्फ बैठक तक सीमित न रहें, बल्कि नियमित स्तर पर मॉनिटरिंग और समीक्षा करें। आम लोगों के साथ पुलिस का व्यवहार बेहतर और संवेदनशील रहे, इस पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।

















