5
(2)

गंभीर बीमारी के कारण 55 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस, कोरोना काल में घर-घर सैनिटाइजेशन से लेकर जरूरतमंदों की सेवा तक किए कई कार्य

नवगछिया के नारायणपुर जयपुर चूहर पूरब पंचायत के पूर्व उपसरपंच एवं वैद्य अमरेंद्र यादव उर्फ बाबू साहेब का गंभीर बीमारी के कारण 55 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने बलाहा स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से पंचायत क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वे अपने पीछे पत्नी रंजू देवी, पुत्र कुणाल और कमल सहित दो पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी रंजू देवी इसी पंचायत से लगातार पंचायत समिति सदस्य चुनी जाती रही हैं।

ग्रामीणों और उनके करीबी लोगों के अनुसार अमरेंद्र यादव सामाजिक कार्यों में लगातार सक्रिय रहते थे। कोरोना महामारी के दौरान उन्होंने लोगों की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पंचायत के विभिन्न गांवों में घर-घर सैनिटाइजेशन करवाने के साथ लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए जागरूक भी किया।

उनके मित्र शिक्षक राजेश पंडित और ग्रामीण परशुराम पंडित, रमेश शर्मा, जंतुल विश्वकर्मा, प्रकाश सिंह, गोपाल साह, मनोज विश्वकर्मा, रणजीत सिंह, प्रेम प्रकाश मिश्रा, श्रवण शर्मा, धीरज पोद्दार, ओमप्रकाश पोद्दार, पंकज भारती, दीपक पोद्दार, अमरेश कुमार झा, इजहार अली, टिंकू बाबा, बबलू गुप्ता सहित अन्य लोगों ने बताया कि नारायणपुर बिजली उपकेंद्र के लिए उन्होंने अपनी जमीन उपलब्ध कराई थी। आज उसी स्थान से क्षेत्र के लोगों को बिजली की सुविधा मिल रही है।

लोगों ने बताया कि नोटबंदी के समय बैंकों के बाहर लोगों की लंबी कतार लगती थी। उस दौरान उन्होंने लोगों की सुविधा के लिए बैंक के बाहर बैठने के लिए कुर्सियों, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था कराई थी।

आयुर्वेद और जड़ी-बूटी से उपचार के क्षेत्र में भी उनका लंबा अनुभव था। ग्रामीणों के अनुसार उन्हें आयुर्वेद में करीब 30 वर्षों का अनुभव था। वे गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए जड़ी-बूटी से तैयार दवाएं भी लोगों को उपलब्ध कराते थे।

स्थानीय लोगों ने कहा कि अमरेंद्र यादव का जीवन सामाजिक सेवा और जरूरतमंदों की सहायता के लिए समर्पित रहा। कोरोना काल में उनकी सेवाओं को लोग आज भी याद करते हैं। उनके निधन से पंचायत क्षेत्र ने एक सामाजिक कार्यकर्ता और सेवाभावी व्यक्ति को खो दिया है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: