


दुर्गापूजा और अन्य पर्व-त्योहारों को लेकर यात्रियों को मिलेगी सुविधा, नवगछिया स्टेशन पर सभी घोषित ट्रेनों का होगा ठहराव
नवगछिया। पर्व-त्योहारों के मद्देनजर भारतीय रेल मंत्रालय की ओर से बिहार से कई पूजा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया गया है। कटिहार-बरौनी रेलखंड पर कामाख्या, डिब्रूगढ़, अलीपुरद्वार, अयोध्याधाम, गोरखपुर, धनबाद, बोकारो, रांची और गोमतीनगर सहित विभिन्न स्थानों के लिए विशेष ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा।
नवगछिया रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य मुकेश राणा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेल मंत्रालय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पूजा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घोषित सभी ट्रेनों का ठहराव नवगछिया रेलवे स्टेशन पर होगा, जिससे पर्व के दौरान यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि ट्रेन संख्या 05978 डिब्रूगढ़-गोरखपुर पूजा विशेष ट्रेन का परिचालन 7 अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को किया जाएगा। वहीं, ट्रेन संख्या 05977 गोरखपुर-डिब्रूगढ़ पूजा विशेष ट्रेन 8 अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को चलेगी।

इसी तरह ट्रेन संख्या 08661 रांची-अलीपुरद्वार पूजा विशेष ट्रेन का परिचालन 12 अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार को किया जाएगा। इसके विपरीत ट्रेन संख्या 08662 अलीपुरद्वार-रांची पूजा विशेष ट्रेन 14 अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को परिचालित होगी।
इसके अलावा ट्रेन संख्या 05742 न्यू जलपाईगुड़ी-गोमतीनगर विशेष ट्रेन का परिचालन 4 अक्टूबर से 19 नवंबर तक तथा ट्रेन संख्या 05741 गोमतीनगर-न्यू जलपाईगुड़ी विशेष ट्रेन का परिचालन 5 अक्टूबर से 30 नवंबर तक किया जाएगा।

मुकेश राणा ने बताया कि बरौनी-कटिहार रेलखंड पर अभी और भी पूजा विशेष ट्रेनों के परिचालन की योजना है। इन ट्रेनों की समय-सारणी जल्द जारी होने की उम्मीद है। नई ट्रेनों के परिचालन से दुर्गापूजा, दीपावली और छठ सहित अन्य पर्वों के दौरान यात्रियों को काफी सुविधा मिलने की संभावना है।
नवगछिया स्टेशन पर जल शोधन संयंत्र की भी मिली स्वीकृति
मुकेश राणा ने बताया कि नवगछिया रेलवे स्टेशन पर जल शोधन संयंत्र लगाने की स्वीकृति भी रेल मंत्रालय की ओर से दी गई है। उन्होंने कहा कि स्टेशन पर जल शोधन संयंत्र लगने से यात्रियों और रेलकर्मियों को स्वच्छ पेयजल सहित अन्य सुविधाओं में सुधार होगा।
















