


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। साहिबगंज-बरहरवा रेलखंड में सकरीगली और महाराजपुर स्टेशन के बीच गंगा नदी का तटबंध कटने के कारण डाउन लाइन पर यात्री एवं मालगाड़ियों का परिचालन तीसरे दिन भी फिलहाल निलंबित कर दिया गया है। हालांकि, अप लाइन से ट्रेनों का परिचालन प्रतिबंधित गति के साथ जारी है।
पूर्व रेलवे के अनुसार, प्रभावित रेलखंड पर बड़ी संख्या में रेलवे अधिकारी एवं कर्मचारी तैनात किए गए हैं। चौबीसों घंटे युद्धस्तर पर मरम्मत एवं बहाली का कार्य चल रहा है, ताकि रेल सेवाओं को जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके। इस स्थिति को देखते हुए कई ट्रेनों को रद्द, डायवर्ट तथा आंशिक रूप से प्रारंभ या समाप्त किया गया है।
1 अक्टूबर को रद्द ट्रेन
63073 रामपुरहाट-साहिबगंज MEMU
2 अक्टूबर को रद्द ट्रेनें
63402 मालदा टाउन-साहिबगंज MEMU, 63421 आजिमगंज-साहिबगंज MEMU, 63411 साहिबगंज-भागलपुर MEMU, 63063 बर्द्धमान-साहिबगंज MEMU, 53411 बरहरवा-साहिबगंज पैसेंजर, 13427 हावड़ा-साहिबगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस, 63405 रामपुरहाट-साहिबगंज MEMU, 63073 रामपुरहाट-साहिबगंज MEMU, 63401 साहिबगंज-मालदा टाउन MEMU, 63422 साहिबगंज-आजिमगंज MEMU, 63412 भागलपुर-साहिबगंज MEMU, 63064 साहिबगंज-बर्द्धमान MEMU, 53412 साहिबगंज-बरहरवा पैसेंजर, 63074 साहिबगंज-रामपुरहाट MEMU, 13428 साहिबगंज-हावड़ा एक्सप्रेस, 63406 साहिबगंज-रामपुरहाट MEMU और 53408 जमालपुर-रामपुरहाट पैसेंजर शामिल हैं।
कई ट्रेनों के मार्ग में बदलाव
13106 बलिया-सीलदह एक्सप्रेस (2 अक्टूबर) तथा 13020 काठगोदाम-हावड़ा बाघ एक्सप्रेस (30 सितंबर एवं 1 अक्टूबर) को मुंगेर-भागलपुर-बांका-देवघर-जसीडीह बाइपास होकर चलाया जाएगा। इन ट्रेनों का ठहराव भागलपुर और देवघर में रहेगा।
15657 दिल्ली-कामाख्या ब्रह्मपुत्र मेल (1 अक्टूबर) और 15734 भटिंडा-बालूरघाट फरक्का एक्सप्रेस (30 सितंबर) को जमालपुर-मुंगेर-कटिहार मार्ग से डायवर्ट किया गया है।
13024 गया-हावड़ा एक्सप्रेस (2 अक्टूबर) को किऊल-झाझा-आसनसोल होकर चलाया जाएगा।
वहीं 13404 भागलपुर-रांची वनांचल एक्सप्रेस और 13072 जमालपुर-हावड़ा एक्सप्रेस, दोनों 2 अक्टूबर को भागलपुर-दुमका-रामपुरहाट होकर चलेंगी।
कई ट्रेनों का आंशिक परिचालन
53029 आजिमगंज-भागलपुर पैसेंजर (1 एवं 2 अक्टूबर) बरहरवा तक ही चलेगी। 13410 किऊल-मालदा टाउन इंटरसिटी एक्सप्रेस (2 अक्टूबर) साहिबगंज तक ही चलेगी, जबकि 13409 मालदा टाउन-किऊल इंटरसिटी एक्सप्रेस साहिबगंज से प्रारंभ होगी।
इसी तरह 53403 रामपुरहाट-गया पैसेंजर जमालपुर से तथा 53030 भागलपुर-आजिमगंज पैसेंजर बरहरवा से अपनी यात्रा शुरू करेगी।
इसके अलावा साहिबगंज से भागलपुर के लिए दो पैसेंजर ट्रेनें सुबह 10:20 बजे और शाम 5:00 बजे रवाना होंगी तथा भागलपुर से वापस साहिबगंज लौटेंगी।
रेलवे ने प्रभावित रेलखंड पर युद्धस्तर पर बहाली कार्य जारी रहने की जानकारी दी है। यात्रियों को यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन के परिचालन की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
















