


महापौर, नगर आयुक्त, पार्षदों, अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों ने किया श्रमदान, शहरवासियों से स्वच्छता को जीवनशैली बनाने की अपील
पूर्णिया। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में चल रहे ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान’ के तहत शुक्रवार को सिटी काली मंदिर परिसर, घाट एवं नदी किनारे मेगा स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में नगर निगम की महापौर विभा कुमारी, नगर आयुक्त अनिरुद्ध पांडे, वार्ड पार्षद, पार्षद प्रतिनिधि, नगर निगम के अधिकारी-कर्मी एवं बड़ी संख्या में स्वच्छता कर्मियों ने भाग लिया।
अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों ने सामूहिक रूप से मंदिर परिसर, घाट तथा नदी किनारे साफ-सफाई की। इस दौरान शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने और स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।
नगर निगम क्षेत्र में पिछले कई दिनों से ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान’ के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इस मेगा स्वच्छता अभियान का उद्देश्य शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों की साफ-सफाई में सामूहिक भागीदारी को बढ़ावा देना रहा।

महापौर विभा कुमारी ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को केवल साफ-सफाई तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे सेवा, संस्कार और जिम्मेदारी से जोड़ा। उनके विचारों से प्रेरणा लेकर स्वच्छता को अपने व्यवहार और जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्णिया नगर निगम का संकल्प ‘स्वच्छ पूर्णिया, स्वस्थ पूर्णिया और समृद्ध पूर्णिया’ है। इस संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है।
महापौर ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का कार्य केवल नगर निगम के प्रयास से संभव नहीं है। इसके लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने घर, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखें, कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें और दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को आदत और संस्कार बनाने से शहर का वातावरण बेहतर होगा और कई बीमारियों से भी बचाव किया जा सकेगा।
नगर आयुक्त अनिरुद्ध पांडे ने कहा कि ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान’ के तहत नगर निगम क्षेत्र में लगातार विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। गांधी जयंती के अवसर पर सिटी काली मंदिर घाट पर आयोजित मेगा स्वच्छता अभियान के माध्यम से सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखने के साथ लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करने का प्रयास किया गया।

उन्होंने कहा कि नगर निगम अपने स्तर से सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है, लेकिन नागरिकों के सहयोग के बिना स्थायी स्वच्छता का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता। उन्होंने शहरवासियों से कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने, गीले और सूखे कचरे को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार देने तथा सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करने की अपील की।
नगर आयुक्त ने कहा कि सामूहिक प्रयास से ही पूर्णिया को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर बनाया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता अभियान को केवल विशेष अवसरों तक सीमित नहीं रखने और नियमित रूप से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने का आह्वान किया।
अभियान में वार्ड पार्षद राकेश राय, गुलाब हुसैन, पार्षद प्रतिनिधि श्रीप्रसाद महतो, मनोज साह, प्रधान सहायक उमेश यादव, सिटी मैनेजर पवन कुमार पवन एवं राजेश झा, मुख्य सफाई निरीक्षक अविनेश कुमार सिंह, लोक स्वच्छता पदाधिकारी अंकिता भारद्वाज, नगर नियोजक ताराचंद्र विद्यासागर सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्वच्छता कर्मी मौजूद रहे।
सभी ने अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए सिटी काली मंदिर परिसर, घाट एवं नदी किनारे साफ-सफाई की और स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। अभियान के दौरान लोगों को यह संदेश दिया गया कि सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के सहयोग और सहभागिता से ही इसे स्थायी रूप दिया जा सकता है।
















