


@ रेलमार्ग की सुरक्षा को लेकर मालदा डीआरएम ने किया निरीक्षण, 24 घंटे काम में जुटे रेलकर्मी और श्रमिक।
भागलपुर। सकरिगली और महाराजपुर स्टेशनों के बीच क्षतिग्रस्त तटबंध की पुनर्बहाली का कार्य पांचवें दिन भी रेलवे की ओर से युद्धस्तर पर जारी है। रेलमार्ग की सुरक्षा और ट्रेन परिचालन को सुरक्षित बनाए रखने के लिए रेलवे कर्मी और श्रमिक चौबीसों घंटे पुनर्बहाली कार्य में जुटे हैं।पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने कहा कि यात्री सुरक्षा और ट्रेन परिचालन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा तटबंध पुनर्बहाली कार्य को जल्द पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

शनिवार को मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता ने मालदा टाउन-साहिबगंज रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेलमार्ग और रेलवे की आधारभूत संरचनाओं की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने साहिबगंज-बरहरवा खंड में सकरिगली एवं महाराजपुर स्टेशनों के बीच चल रहे तटबंध पुनर्बहाली कार्य का स्थल निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति की समीक्षा की।
तटबंध को और मजबूत बनाने तथा जल प्रवाह के कारण हो रहे मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए नदी किनारे तार-जाल संरचनाओं में पैक किए गए बोल्डरों को लगाया जा रहा है। रेलवे प्रशासन के अनुसार, पुनर्बहाली कार्य में तेजी लाने के लिए अभियंत्रण समेत संबंधित विभागों के कर्मचारी और श्रमिक लगातार काम कर रहे हैं।
चौबीसों घंटे काम को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए कार्यस्थल पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की गई है। इसके अलावा श्रमिकों के लिए पेयजल, प्राथमिक उपचार एवं चिकित्सा सहायता, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली की व्यवस्था की गई है। आपातकालीन और बचाव संबंधी इंतजाम भी तैयार रखे गए हैं। कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने पुनर्बहाली कार्य में जुटे अभियंत्रण सहित अन्य विभागों के कर्मचारियों और श्रमिकों के प्रयासों की सराहना की।

















