
असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा करेंगे पदयात्रा का नेतृत्व, जिला स्कूल से भट्ठा बाजार तक निकलेगी यात्रा
पूर्णिया। आगामी 4 जनवरी को आयोजित होने वाली ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा की तैयारियों को लेकर रविवार को भट्ठा चित्रवाणी रोड स्थित स्वर्गीय जयकृष्ण मंडल सामुदायिक भवन में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं विधायक प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पूर्णिया विधायक विजय खेमका ने की।

बैठक में पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र के सभी पांच भाजपा मंडलों के अध्यक्ष, महामंत्री, शक्ति केंद्र प्रमुख एवं प्रभारी तथा नगर निगम के सभी 40 वार्डों के वार्ड प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आगामी 4 जनवरी को जिला स्कूल से भट्ठा बाजार होते हुए निकलने वाली पदयात्रा को सफल बनाने के लिए व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक विजय खेमका ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सत्ता की लालसा में देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही है और डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान का मखौल बना रही है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद 1952 से 2004 तक कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की सरकारें केंद्र में सत्ता में रही हैं, लेकिन आज कांग्रेस अपने शासनकाल के सवालों का जवाब देने की स्थिति में नहीं है।
विधायक ने कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति और दोहरे चरित्र का आरोप लगाते हुए कहा कि देश का युवा, आम नागरिक और समाज का हर वर्ग कांग्रेस की नीतियों से परिचित है। उन्होंने कांग्रेस और इंडी गठबंधन की दिल्ली रैली को भी असफल बताया।
उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और इसकी लोकतांत्रिक व्यवस्था एवं संवैधानिक संस्थाओं को कोई कमजोर नहीं कर सकता। भाजपा देशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के माध्यम से कांग्रेस की नीतियों और राहुल गांधी की राजनीति के प्रति जनता को जागरूक करने का कार्य कर रही है।

विधायक विजय खेमका ने बताया कि 4 जनवरी को पूर्णिया में आयोजित होने वाली इस पदयात्रा का नेतृत्व असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा करेंगे। उन्होंने इस आयोजन में आम लोगों के साथ करीब 25 हजार भाजपा कार्यकर्ताओं की भागीदारी का लक्ष्य रखा है।
उन्होंने सभी मंडल अध्यक्षों, शक्ति केंद्र प्रभारियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और विधायक प्रतिनिधियों से पदयात्रा में अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर इसे सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक में आगामी कार्यक्रम की रूपरेखा और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर भी चर्चा की गई।















