
पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष बिजेंद्र यादव ने कृषि विभाग और जिला प्रशासन से की तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील, कहा—किसानों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं
पूर्णिया। पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह कटिहार प्रभारी बिजेंद्र यादव ने जिले में किसानों को खाद, बीज और अन्य आवश्यक कृषि सामग्री की कमी से हो रही परेशानी पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि खेती का मौसम शुरू हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद किसानों को समय पर खाद, बीज एवं अन्य कृषि सामग्री उपलब्ध नहीं हो पा रही है। इसके कारण किसान आवश्यक सामग्री के लिए एक दुकान से दूसरी दुकान तक भटकने को मजबूर हैं।

बिजेंद्र यादव ने कहा कि किसान पहले से ही महंगाई, प्राकृतिक आपदाओं और खेती की बढ़ती लागत से परेशान हैं। ऐसे समय में खाद और बीज की समुचित व्यवस्था नहीं होना उनकी मुश्किलों को और बढ़ा रहा है। खेती के निर्धारित समय पर आवश्यक सामग्री नहीं मिलने से फसलों की बुआई प्रभावित होती है, जिसका सीधा असर उत्पादन और किसानों की आर्थिक स्थिति पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि खेती का समय बीत जाने के बाद खाद-बीज उपलब्ध कराने का कोई औचित्य नहीं रह जाता।
जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की मांग
उन्होंने जिला कृषि पदाधिकारी से मांग की कि सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि खाद-बीज की जमाखोरी करने वाले कारोबारियों को चेतावनी दी जा सके और किसानों को निर्धारित मूल्य पर कृषि सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग से तत्काल पर्याप्त मात्रा में गुणवत्तापूर्ण खाद, बीज और अन्य कृषि सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही कालाबाजारी, जमाखोरी और निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की अपील की।

किसानों के हित में आंदोलन करेगी कांग्रेस
बिजेंद्र यादव ने स्पष्ट कहा कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय और अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अन्नदाता को अपने ही खेतों में खेती करने के लिए खाद और बीज की तलाश में भटकना पड़े, यह व्यवस्था की गंभीर विफलता है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का अविलंब समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी उनकी आवाज बुलंद करेगी और उनके हक एवं अधिकारों के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।















