
अंतर प्रमंडल प्रतियोगिता में भाग लेने बेगूसराय रवाना हुए युवा खिलाड़ी, अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी जेम्स फाइटर ने दी बधाई
नवगछिया। नवगछिया के युवा क्रिकेट खिलाड़ी यशराज का चयन बिहार राज्य अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए भागलपुर प्रमंडल की टीम में हुआ है। खेल विभाग, बिहार सरकार की ओर से आयोजित बिहार राज्य अंतर प्रमंडल क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए यशराज सोमवार को बेगूसराय रवाना हुए। उनके चयन से नवगछिया के खेल प्रेमियों और स्थानीय खिलाड़ियों में खुशी का माहौल है।

यशराज की इस उपलब्धि पर अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी जेम्स फाइटर ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यशराज पूर्व में भी कई बार राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्हें उम्मीद है कि इस प्रतियोगिता में भी यशराज बेहतर प्रदर्शन करेंगे और बिहार की टीम में अपनी जगह बनाने में सफल होंगे।
जेम्स फाइटर ने कहा कि यशराज में प्रतिभा और मेहनत के बल पर आगे बढ़ने की पूरी क्षमता है। यदि वह इसी लगन और अनुशासन के साथ खेलते रहे तो भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का नाम रोशन कर सकते हैं।
उन्होंने यशराज के शानदार प्रदर्शन की कामना करते हुए कहा कि नवगछिया के युवाओं में खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की अपार संभावनाएं हैं। यशराज की उपलब्धि क्षेत्र के अन्य उभरते खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।















