
मिथिलांचल में पारंपरिक रीति-रिवाजों और धार्मिक आस्था के साथ मनाया गया भरदुतिया का पर्व
नवगछिया । भाई-बहन के स्नेह, प्रेम और अटूट विश्वास का प्रतीक भैया दूज (भरदुतिया) का पर्व बुधवार को मिथिलांचल में पारंपरिक रीति-रिवाजों और धार्मिक आस्था के साथ मनाया गया। कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि पर बहनों ने अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, उत्तम स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना की।

मिथिला संस्कृति में इस पर्व का विशेष महत्व है। पर्व को लेकर सुबह से ही घरों में उत्साह का माहौल रहा। स्नान के बाद बहनों ने पूजा की तैयारी की और आंगन में पारंपरिक अरिपन बनाकर पूजा स्थल को सजाया। इसके बाद चंदन, अक्षत, पान-सुपारी और मिठाई से भाइयों का स्वागत किया तथा विधि-विधान से उनके माथे पर तिलक लगाया। पूजन के बाद भाइयों ने बहनों के हाथों भोजन ग्रहण किया।
गोपालपुर पचगछिया की चंदा कुमारी, अंशु कुमारी, मुस्कान कुमारी और नवगछिया की आकांक्षा कुमारी ने बताया कि भैया दूज का पर्व रक्षाबंधन की तरह ही उत्साह और पारिवारिक उल्लास के साथ मनाया जाता है। यह पर्व भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम, अपनापन और विश्वास को और मजबूत करता है।
















