
महापौर विभा कुमारी ने किया उद्घाटन, बोलीं- स्थानीय प्रतिभाओं को मिले प्रोत्साहन और उचित अवसर
पूर्णिया। श्री श्री 108 मां काली पूजा समिति, मधुबनी की ओर से गुरुवार को आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन महापौर विभा कुमारी, जितेंद्र यादव, मेला कमेटी के अध्यक्ष पंकज कुमार यादव, सचिव चंदन यादव एवं कोषाध्यक्ष कुंदन यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर पूजा समिति के सदस्यों ने महापौर विभा कुमारी को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए महापौर विभा कुमारी ने शहरवासियों, अतिथियों, पूजा समिति के सदस्यों तथा देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे महिला एवं पुरुष पहलवानों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मधुबनी की काली पूजा के अवसर पर आयोजित होने वाली कुश्ती प्रतियोगिता का उन्हें हर वर्ष बेसब्री से इंतजार रहता है। पूजा समिति के सदस्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि समिति वर्षों से धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का कार्य कर रही है, जो सराहनीय है।
महापौर ने प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचे सभी पहलवानों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पूर्णिया की धरती पर उनका हार्दिक स्वागत है। उन्हें उम्मीद है कि सभी पहलवान यहां से अच्छी यादें लेकर लौटेंगे।
उन्होंने कहा कि कुश्ती हमारी प्राचीन पहचान और समृद्ध खेल परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है। वर्तमान समय में इस खेल में बेहतर भविष्य और करियर की भी अपार संभावनाएं हैं। देश के खिलाड़ी ओलंपिक सहित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने स्थानीय युवाओं से भी कुश्ती जैसे पारंपरिक खेलों से जुड़ने की अपील की। महापौर ने कहा कि यहां की मिट्टी में भी पंजाब और हरियाणा जैसी ताकत है। जरूरत है कि स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और उचित अवसर मिले।
धार्मिक परंपरा के साथ ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने का प्रयास
मेला कमेटी के अध्यक्ष पंकज कुमार यादव ने कहा कि मां काली पूजा के अवसर पर कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन वर्षों से परंपरा का हिस्सा रहा है। इसका उद्देश्य धार्मिक आयोजन के साथ-साथ पारंपरिक खेलों और ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। देश के विभिन्न राज्यों से पहलवानों के पहुंचने से प्रतियोगिता का आकर्षण बढ़ता है।

उन्होंने सभी पहलवानों और दर्शकों का स्वागत करते हुए आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले समिति सदस्यों एवं शहरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस दौरान महापौर विभा कुमारी ने प्रतियोगिता में शामिल होने पहुंचे पहलवानों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहरवासी, पूजा समिति के सदस्य और खेलप्रेमी मौजूद रहे।
मौके पर जदयू नेता मनोज पासवान, डॉ. प्रणव, संतोष यादव, विनोद साह, दिनेश यादव सहित कई स्थानीय एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।















