
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। भागलपुर जिले में खाद्य सुरक्षा योजना को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। जिले में 24 हजार से अधिक नए राशन कार्ड निर्गत किए जा चुके हैं। इसके माध्यम से हजारों पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत जन वितरण प्रणाली से जोड़कर खाद्यान्न का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा भागलपुर जिले में कुल 23,856 राशन कार्ड के माध्यम से लगभग 1,01,386 लाभुकों को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप जिले में अब तक 24,000 से अधिक नए राशन कार्ड जारी किए जा चुके हैं।
इसी कड़ी में गुरुवार को पटना स्थित ज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने अपने कर-कमलों से चिह्नित लाभुकों के बीच नवनिर्मित राशन कार्ड तथा नवचयनित जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं को अनुज्ञप्ति पत्र (PDS Licence) वितरित किए। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिहार के सभी 38 जिलों में किया गया।

इस अवसर पर भागलपुर जिले में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय ने चिह्नित लाभुकों के बीच नवनिर्मित राशन कार्ड का वितरण किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत जन वितरण प्रणाली से जोड़ना और उन्हें सरकारी खाद्यान्न योजना का लाभ सुनिश्चित कराना है।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली को सुदृढ़ बनाने और आम लोगों तक खाद्यान्न वितरण की सुविधा सुचारू रूप से पहुंचाने के लिए भागलपुर जिले में जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं की नियुक्ति की प्रक्रिया भी पूरी की गई है। जिले में कुल 336 रिक्तियों के विरुद्ध 258 योग्य आवेदकों का चयन किया गया है। चयनित विक्रेताओं को अनुज्ञप्ति प्रदान करने की प्रक्रिया के तहत उन्हें लाइसेंस वितरित किए गए।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय, नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राकेश रंजन, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुधीर कुमार एवं अनुमंडल पदाधिकारी, भागलपुर विकास कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
















