
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। भास्कर महोत्सव 2026 के तहत शुक्रवार को बरारी गंगा घाट पर छठ महापर्व की लोकपरंपराओं पर आधारित सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन, भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में लोकगीतों और समूह लोकनृत्य के माध्यम से छठ की आस्था, लोकसंस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और गंगा की स्वच्छता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में लोकगायिका अर्पिता चौधरी एवं उनकी टीम ने छठ महापर्व पर आधारित पारंपरिक लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं, आम्रपाली कला प्रशिक्षण केंद्र की छात्राओं ने राजकुमारी चंद्रकांता यादव के नेतृत्व में समूह लोकनृत्य और छठ पूजा की आकर्षक झांकी प्रस्तुत की। सुरभि, सुप्रिया, मोहिनी, मासूम, साक्षी एवं कशिश की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर स्थानीय वार्ड पार्षद अनिल पासवान, संजय कुमार सिन्हा सहित जनप्रतिनिधि, कलाकार एवं जिला प्रशासन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी अंकित रंजन ने कहा कि भास्कर महोत्सव का उद्देश्य स्थानीय एवं युवा कलाकारों को मंच प्रदान करने के साथ छठ की समृद्ध लोकपरंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि छठ महापर्व के पारण के दिन सुल्तानगंज स्थित नमामि गंगा घाट पर भी सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।कार्यक्रम के माध्यम से छठ की परंपराओं के साथ गंगा स्वच्छता, जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।
















