
छात्र नेता पीयूष पुजारा ने देशवासियों और बिहारवासियों को दी छठ महापर्व की शुभकामनाएं, कहा- आस्था, प्रकृति और सामाजिक समरसता का प्रतीक है छठ
पूर्णिया। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ मंगलवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा और भक्तिभाव से संपन्न हो गया। इसी के साथ चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व का विधिवत समापन हुआ। सुबह से ही विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। व्रतियों ने नदी, तालाबों और जलाशयों में खड़े होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर छात्र नेता पीयूष पुजारा ने समस्त देशवासियों एवं बिहारवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक है। यह महापर्व सामाजिक एकता, अनुशासन, त्याग, तपस्या, स्वच्छता और समर्पण का संदेश देता है।
पीयूष पुजारा ने कहा कि छठ महापर्व की सबसे बड़ी विशेषता इसकी सामाजिक समरसता है। इस पर्व में समाज के सभी वर्गों के लोग जाति, धर्म और आर्थिक भेदभाव से ऊपर उठकर एक साथ पर्व मनाते हैं और एक-दूसरे की सहायता करते हैं। यही भारतीय संस्कृति की वास्तविक पहचान है। उन्होंने कहा कि छठ पूजा में स्वच्छता और पवित्रता का विशेष महत्व है। हमें इस पर्व से प्रेरणा लेकर अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बिहार की सांस्कृतिक पहचान और विरासत में छठ महापर्व का विशेष स्थान है। देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों में रहने वाले बिहारवासी भी पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ इस महापर्व को मनाते हैं। इससे बिहार की लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत को वैश्विक पहचान मिलती है।
अंत में पीयूष पुजारा ने छठ व्रत करने वाले सभी श्रद्धालुओं के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कामना की कि भगवान सूर्य और छठी मैया सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करें। उन्होंने लोगों से सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और आपसी एकता को मजबूत बनाए रखने की अपील की।















